श्रीगंगानगर ट्रेन ट्रैक ब्लास्ट केस में दो मुख्य आरोपित पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार

युगवार्ता    15-Nov-2026
Total Views |
गिरफ्तार आरोपित


जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर में रेलवे ट्रैक पर हुए बम विस्फोट के तार पाकिस्तान से जुड़े होने का खुलासा हुआ है। राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपितों को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद किए हैं।

रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर तीन नवंबर को हुए विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए थे। इसके लिए एडीजीपी एटीएस, एजीटीएफ एवं एएनटीएफ दिनेश एमएन और बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश को आवश्यक कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी थी। दोनों अधिकारियों ने मामले की निगरानी की। एटीएस और श्रीगंगानगर जिला पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर सभी संभावित पहलुओं पर अनुसंधान शुरू किया गया।

जांच के दौरान विभिन्न केंद्रीय जांच एजेंसियों से भी संपर्क कर सूचनाएं जुटाई गईं। प्राप्त इनपुट और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पंजाब के गुरदासपुर निवासी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह की घटना में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट और तकनीकी गतिविधियों का विस्तृत विश्लेषण किया गया। सूचनाओं का सत्यापन करने के लिए प्रशिक्षु आईपीएस एवं अनुसंधान अधिकारी नितिन चौधरी तथा एटीएस बीकानेर यूनिट के प्रभारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम पंजाब भेजी गई।

संयुक्त टीम ने पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस और गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य के साथ सूचनाएं साझा कीं। तकनीकी विश्लेषण और आसूचना के आधार पर 14 नवंबर को गुरदासपुर में दबिश देकर महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। महकदीप कौर का पति करणवीर सिंह मादक पदार्थ तस्करी के मामले में पंजाब में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद महकदीप के पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में आने की जानकारी सामने आई। जांच में शाह नामक पाकिस्तानी हैंडलर और पाकिस्तान में चाचा नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति के निर्देश पर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की साजिश रचने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार आरोपितों ने पहली बार छह अक्टूबर को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की योजना बनाई थी, लेकिन बम उपलब्ध नहीं होने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को पाकिस्तानी हैंडलर शाह की ओर से उपलब्ध करवाया गया टाइमर बम रेलवे ट्रैक पर लगाया गया, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण उसमें विस्फोट नहीं हो सका। इसके बाद तीसरी बार तीन नवंबर की रात करीब 9:45 बजे टाइमर बम के जरिए रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपितों ने रामसिंहपुर क्षेत्र को इसलिए चुना, ताकि महिला के शामिल होने के कारण उन पर संदेह कम हो। पुलिस के अनुसार महकदीप कौर मुख्य अभियुक्त है, जबकि देवेंद्र सिंह ने वारदात में उसका सहयोग किया। दोनों को इस काम के लिए ऑनलाइन माध्यम से भुगतान किया गया था। जांच में आरोपितों के सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंगस्टरों की प्रोफाइल फॉलो करने और उनसे प्रभावित होने की जानकारी भी मिली है।

पुलिस जांच में पाकिस्तानी हैंडलरों की ओर से अकेली महिलाओं को प्रेम संबंधों और आर्थिक प्रलोभन के जरिए अपने जाल में फंसाने का तरीका भी सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महकदीप कौर पाकिस्तानी हैंडलर शाह के संपर्क में इसी तरह आई थी। इससे पहले राजस्थान एटीएस गंगापुर सिटी से बबीता नामक महिला को भी पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में आने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा आरोपितों के संपर्क किन-किन व्यक्तियों से थे।

गिरफ्तार महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल और 46 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा विस्फोट की वारदात के लिए प्राप्त 30 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। रामसिंहपुर थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 209/2026 में दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है। पुलिस पाकिस्तानी हैंडलरों से संपर्क, ऑनलाइन भुगतान के स्रोत, विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में अनुसंधान कर रही है।

राजस्थान पुलिस ने आमजन से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और आपराधिक गैंगस्टरों के सोशल मीडिया अकाउंट तथा उनके संपर्कों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया या मोबाइल नंबरों के माध्यम से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित पुलिस एजेंसी को सूचित करें। भावनात्मक संदेशों, भ्रामक प्रचार और उकसावे वाली सामग्री से प्रभावित होकर किसी भी संदिग्ध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि में शामिल न हों।

राजस्थान पुलिस के अनुसार महकदीप कौर पाकिस्तानी हैंडलर शाह के संपर्क में थी। शाह और पाकिस्तान में चाचा नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति के निर्देश पर उसने अपने साथी के साथ मिलकर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की वारदात को अंजाम दिया। जांच में महिलाओं को प्रेम संबंधों और आर्थिक प्रलोभन के जरिए जाल में फंसाने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Tags