
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। सोमवार यानी 16 नवंबर से शुरू हो रहे नए कारोबारी सप्ताह के दौरान चार प्रमुख सरकारी कंपनियों के शेयर निवेशकों के रडार पर रहेंगे। इन कंपनियों ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपने शेयरधारकों को अंतरिम लाभांश यानी इंटरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है। डिविडेंड के लिए इन चारों सरकारी कंपनियों की रिकॉर्ड डेट इसी सप्ताह 16 से 20 नवंबर के बीच पड़ रही है।
डिविडेंड देने वाली कंपनियों की इस लिस्ट में सबसे पहला नाम रक्षा और जहाज निर्माण क्षेत्र की दिग्गज कंपनी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड का है। कंपनी के निदेशक मंडल ने अपने निवेशकों को प्रति शेयर 3 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने की घोषणा की है। इसके लिए 16 नवंबर को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर कोचीन शिपयार्ड का शेयर 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,178.50 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। पिछले एक महीने के दौरान इस स्टॉक में करीब 6.87 प्रतिशत और छह महीने में 28.69 प्रतिशत की कमजोरी देखने को मिली है।
समुद्री परिवहन क्षेत्र की प्रमुख सरकारी कंपनी शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया भी इस सप्ताह डिविडेंड को लेकर चर्चा में रहने वाली है। कंपनी ने अपने शेयर होल्डर्स के लिए प्रति शेयर 4 रुपये के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। इस डिविडेंड के लिए भी 16 नवंबर की तारीख को ही रिकॉर्ड डेट निर्धारित किया गया है। इसके पहले शुक्रवार को बाजार की गिरावट के बावजूद यह शेयर 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 270.55 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। पिछले एक सप्ताह में इस शेयर ने 3.64 प्रतिशत और दो सप्ताह में 10.47 प्रतिशत की शानदार तेजी दिखाई है।
ऊर्जा और बुनियादी ढांचा क्षेत्र को कर्ज देने वाली सरकारी कंपनी पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन यानी पीएफसी भी निवेशकों को डिविडेंड का तोहफा दे रही है। कंपनी के बोर्ड ने प्रति शेयर 4.10 रुपये के अंतरिम डिविडेंड को अपनी मंजूरी प्रदान की है। पीएफसी के इस डिविडेंड के लिए 17 नवंबर को रिकॉर्ड डेट तय किया गया है। हाल के दिनों में इस शेयर में अच्छी खरीदारी देखी गई है, जिससे पिछले एक सप्ताह में इसमें 2.01 प्रतिशत और दो सप्ताह में 6.56 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई है। हालांकि, सालाना आधार पर देखें तो बीते एक वर्ष में यह स्टॉक 10.26 प्रतिशत नीचे आया है।
सप्ताह के अंत में ऑयल एंड नेचुरल गैस सेक्टर की महारत्न कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड के शेयरों में डिविडेंड को लेकर हलचल देखने को मिलेगी। ऑयल इंडिया ने इन कंपनियों के मुकाबले सबसे अधिक यानी प्रति शेयर 7 रुपये के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है। कंपनी ने इस भुगतान के लिए 20 नवंबर को रिकॉर्ड डेट तय किया है। शुक्रवार को ऑयल इंडिया का शेयर 0.53 प्रतिशत की तेजी के साथ 442.85 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। पिछले एक महीने में इसमें 7.67 प्रतिशत की गिरावट जरूर आई है, लेकिन एक साल में यह शेयर 1.97 प्रतिशत चढ़ा है।
शेयर बाजार के नियमों के अनुसार टी प्लस वन सेटलमेंट प्रणाली लागू होने के कारण रिकॉर्ड डेट वाले दिन ही शेयर एक्स-डिविडेंड भी हो जाते हैं। इसका अर्थ यह है कि जो निवेशक इन चारों सरकारी कंपनियों के डिविडेंड का लाभ उठाना चाहते हैं, उनके डीमैट खाते में रिकॉर्ड डेट के दिन तक संबंधित कंपनी के शेयर मौजूद होना अनिवार्य हैं। रिकॉर्ड डेट या उसके बाद शेयर खरीदने वाले निवेशक इस अंतरिम लाभांश के हकदार नहीं होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक