
-केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने किया अनावरण-करीब आठ हजार खिलाड़ियों और प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद- पहली बार प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में शामिल हुआ सॉफ्टबॉल
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। तेलंगाना में 11 से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आठवें संस्करण का लोगो और शुभंकर रविवार को जारी किया गया। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने संयुक्त रूप से इसका अनावरण किया। प्रतियोगिता राज्य के छह शहरों में आयोजित होगी, जिसमें करीब आठ हजार खिलाड़ियों और प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं को खेलों से जोड़ने और देश के विकास की व्यापक सोच में खेलों को महत्वपूर्ण स्थान देने पर विशेष जोर दिया है। केंद्र सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। खेलो इंडिया अभियान के तहत युवा खेलों, बीच गेम्स, शीतकालीन खेलों और जनजातीय खेलों जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे कि अधिक से अधिक युवाओं को खेलों में भाग लेने का अवसर मिल सके।
मांडविया और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन के लिए प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार जताया। खेल मंत्री ने कहा कि केंद्र और तेलंगाना सरकार मिलकर युवाओं को खेल अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेंगी और देश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने की दिशा में काम करेंगी।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स जैसे आयोजन विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा की प्रधानमंत्री की परिकल्पना को साकार करने में मददगार हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन और अन्य सामाजिक चुनौतियों से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
छह शहरों में 29 खेलों की होंगी प्रतियोगिताएं
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आठवें संस्करण का आयोजन हैदराबाद, खम्मम, करीमनगर, हनमकोंडा, महबूबनगर और निजामाबाद में किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 29 खेल शामिल होंगे, जिनमें 27 प्रतिस्पर्धी और दो प्रदर्शन खेल होंगे।
प्रतिस्पर्धी खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, साइकिलिंग, तलवारबाजी, फुटबॉल, गतका, जिम्नास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कलरिपयट्टू, खो-खो, मल्लखंब, रोइंग, निशानेबाजी, तैराकी, सॉफ्टबॉल, टेबल टेनिस, टेनिस, थांग-ता, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती और योगासन शामिल हैं।
सॉफ्टबॉल को पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स में प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में शामिल किया गया है। वहीं, नौकायन और कर्रा सामू को पहली बार प्रदर्शन खेलों में जगह दी गई है।
लोगो में तेलंगाना की सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना की झलक
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लोगो में तेलंगाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेलों के प्रति राज्य की आकांक्षाओं को आठ प्रमुख तत्वों के माध्यम से दर्शाया गया है। इसमें केसरिया और हरे रंग की धावक आकृति वाला खेलो इंडिया का प्रतीक राष्ट्रीय कार्यक्रम, युवा शक्ति और गति का प्रतिनिधित्व करता है।
बापू घाट पर प्रस्तावित गांधी सरोवर का हिस्सा गांधी टावर शांति, एकता और हैदराबाद के भविष्य की सोच का प्रतीक है। वहीं, काकतीय कला तोरणम राज्य की समृद्ध विरासत और स्वागत की भावना को दर्शाता है। हुसैन सागर स्थित बुद्ध प्रतिमा सद्भाव, अनुशासन और शांति का प्रतीक है, जबकि तंगेडु फूल तेलंगाना की सांस्कृतिक पहचान और बथुकम्मा उत्सव की भावना को अभिव्यक्त करता है।
लोगो में खेलों की सात आकृतियां विरासत से जुड़ी कलाकृतियों के साथ खेल जगत की विविधता को प्रदर्शित करती हैं। इसके चारों ओर बनी नीली, हरी और पीली पट्टी गति, ऊर्जा और समावेशिता का संदेश देती है। इसका ध्येय वाक्य ‘खेल का जुनून, तेलंगाना की जान और पहचान’ राज्य की पहचान में खेलों के महत्व को रेखांकित करता है।
शुभंकर ‘नीलमणि’ ऊर्जा, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शुभंकर का नाम ‘नीलमणि’ रखा गया है। यह ऊर्जा, फुर्ती और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। शुभंकर युवाओं की खेल भावना, अपनी सांस्कृतिक जड़ों पर गर्व और मजबूत, स्वस्थ एवं एकजुट भारत के लक्ष्य को दर्शाता है।
इसके शिखर का आकार ऊर्जा और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है, जबकि आंखें एकाग्रता, बुद्धिमत्ता और उत्साह को दर्शाती हैं। इसकी चोंच दृढ़ संकल्प और नेतृत्व क्षमता का संदेश देती है। नीले और फिरोजी रंग के पंख जीवंतता, स्वतंत्रता और आत्मविश्वास का प्रतिनिधित्व करते हैं। नीलमणि के चार प्रमुख गुण जीवंतता, साहस, फुर्ती और गर्व हैं, जो खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मूल्यों और आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करते हैं।
कार्यक्रम में तेलंगाना के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री वाकिटी श्रीहरि, सिंचाई एवं कमांड एरिया विकास मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी, खेल मामलों के सरकारी सलाहकार एवं तेलंगाना ओलंपिक संघ के अध्यक्ष ए.पी. जितेंद्र रेड्डी तथा राज्य के मुख्य सचिव संजय जाजू भी उपस्थित रहे। भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक एवं खेल विभाग के सचिव हरि रंजन राव सहित केंद्र और तेलंगाना सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।---------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे