अंडर-19 एशिया कप जीतने के बाद वीरेंद्र सहवाग ने बेटे आर्यवीर से की खास बातचीत, साझा किया भावुक वीडियो

15 Nov 2026 13:26:53
वीरेंद्र सहवाग ने अपने फेसबुक पर जारी किया वीडियो


- आर्यवीर बोले- लगातार कर रहा था सीताराम का जाप, पाकिस्तान के दर्शक लगा रहे थे ‘सहवाग-सहवाग’ के नारे

नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतने के बाद अपने बेटे आर्यवीर सहवाग के साथ हुई वीडियो कॉल का एक भावुक वीडियो साझा किया है। सहवाग ने इस खास बातचीत को पिता के जीवन की अनमोल याद बताते हुए बेटे को मेहनत और प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

वीडियो कॉल के दौरान आर्यवीर ने फाइनल मुकाबले के आखिरी ओवर के रोमांचक पलों को याद किया। उन्होंने बताया कि जब भारत को आखिरी ओवर में आठ रन की जरूरत थी और उसके हाथ में केवल एक विकेट बचा था, तब वह काफी घबराए हुए थे। ऐसे तनावपूर्ण क्षणों में वह लगातार ‘सीताराम, सीताराम’ का जाप कर रहे थे, जिससे उन्हें शांत रहने में मदद मिली। आर्यवीर ने यह भी बताया कि जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे, तब पाकिस्तानी दर्शक ‘सहवाग-सहवाग’ के नारे लगा रहे थे।

वीरेंद्र सहवाग का पाकिस्तान में शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की ओर से पहला टेस्ट तिहरा शतक लगाया था। वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने से लेकर फाइनल के उन रोमांचक पलों को याद करने तक बेटे के साथ यह बातचीत बेहद खास है। कुछ पल पुरस्कार, रन और ट्रॉफियों से भी बड़े होते हैं। ये ऐसी यादें हैं, जिन्हें एक पिता जीवनभर संजोकर रखता है। उन्होंने आर्यवीर को हमेशा जमीन से जुड़े रहने और अपनी मेहनत तथा प्रतिभा से आसमान छूने की शुभकामनाएं दीं।

टूर्नामेंट में आर्यवीर का शानदार प्रदर्शन

आर्यवीर ने पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में 61 गेंदों पर 58 रन की अहम पारी खेली थी। उन्होंने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। लक्ष्य ने 101 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल थे। आर्यवीर ने अपनी पारी में नौ चौके लगाए।

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए उस्मान खान के शतक की मदद से नौ विकेट पर 337 रन बनाए थे। उस्मान ने 111 गेंदों पर 107 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल थे। अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों पर 80 रन और फरहान यूसुफ ने 60 गेंदों पर 63 रन बनाए।

338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय 252 रन पर आठ विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। इसके बाद मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने 67 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। मनाल ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे।

मनाल के आउट होने के बाद मोहित उल्वा ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर भारत को आखिरी गेंद पर चौका लगाकर एक विकेट से जीत दिलाई। चिगुरुपति वेंकट ने 11 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने आर्यवीर

आर्यवीर को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने पांच मुकाबलों में 90.25 की औसत और 95 से अधिक के स्ट्राइक रेट से कुल 361 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले। उन्होंने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 16 छक्के भी लगाए। आर्यवीर ने सेमीफाइनल और फाइनल, दोनों अहम मुकाबलों में अर्धशतक लगाकर बड़े मैचों में अपनी उपयोगिता साबित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0