
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। घरेलू कमोडिटी बाजार (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज-एमसीएक्स) के लिए यह कारोबारी सप्ताह भारी उतार-चढ़ाव और दबाव भरा रहा। त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद हाजिर मांग में आई सुस्ती और अमेरिकी डॉलर इंडेक्स की मजबूती के कारण कीमती धातुओं पर बिकवाली हावी रही। पूरे सप्ताह के कारोबार के दौरान सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों ही अपने ऊपरी स्तरों से नीचे फिसल कर बंद हुए, जबकि एनर्जी मार्केट में कच्चे तेल की कीमत में जोरदार रिकवरी होती हुई नजर आई। अगर बेस मेटल (औद्योगिक धातुओं) की बात करें, तो इसमें इस सप्ताह लगातार दबाव बना रहा।
वायदा बाजार में सोना-चांदी के कारोबार की बात करें, तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना सप्ताह के अंत में 1,36,820 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर के आसपास बंद हुआ। पिछले सप्ताह की तुलना में सोने की कीमतों में लगभग 2,600 रुपये प्रति 10 ग्राम की साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह चांदी की चमक भी इस सप्ताह फीकी पड़ी और यह 2 लाख रुपये के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गई। सप्ताह की समाप्ति पर एमसीएक्स पर चांदी वायदा 1,79,560 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई, जो पिछले सप्ताह के मुकाबले बड़ी कमजोरी को दर्शाता है।
एनर्जी मार्केट में कच्चे तेल की कीमत में इस सप्ताह निचले स्तरों से शानदार वापसी देखने को मिली। सप्ताह की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों से ब्रेंट क्रूड फिसल कर तीन महीने के निचले स्तर 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया था। सप्ताह के सेकेंड हाफ में सऊदी अरब की तेल सुविधाओं पर हमलों और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास तनाव बढ़ने से कच्चे तेल में तेजी लौटी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड उछल कर 95 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया, जबकि घरेलू बाजार यानी एमसीएक्स पर क्रूड ऑयल (कच्चा तेल) बढ़त के साथ 8,372 रुपये प्रति बैरल के स्तर पर बंद हुआ।
औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल सेगमेंट में इस सप्ताह सुस्ती और दबाव का माहौल कायम रहा। चीन की विनिर्माण गतिविधियों में धीमी रफ्तार के कारण अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजारों में धातुओं की मांग कमजोर बनी रही। साप्ताहिक आधार पर एमसीएक्स पर एल्यूमिनियम के भाव दबाव के साथ 328.90 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर के आसपास बंद हुए। इसी तरह कॉपर के भाव में भी ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली हावी रही और यह 1,330 से 1,352 रुपये प्रति किलोग्राम के सीमित दायरे में सुस्त बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक