
मुंबई, 16 नवंबर (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अब एक नए जॉनर में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। वह पहली बार साइंस फिक्शन फिल्म 'समुक' में नजर आएंगे।
मेकर्स ने फिल्म का मोशन पोस्टर जारी करने के साथ इसकी रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी है। फिल्म 28 मई 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें दर्शकों को विज्ञान, रोमांच, एक्शन और सर्वाइवल का मेल देखने को मिलेगा।
मोशन पोस्टर में अक्षय कुमार दमदार मिलिट्री लुक में दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथ में राइफल है और पोस्टर की शुरुआत एक रहस्यमयी हाथ से होती है। बैकग्राउंड में सुनाई देने वाली डरावनी आवाज फिल्म के रोमांच को बढ़ाती है। इसके साथ फिल्म की टैगलाइन भी जारी की गई है। 'द मिशन इज ह्यूमन बट द एनिमी इजंट'।
इससे संकेत मिलता है कि कहानी में इंसानों को किसी अनजान खतरे का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मेकर्स ने कहानी और अक्षय के किरदार को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
'समुक' में अक्षय कुमार एक बार फिर फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह के साथ काम कर रहे हैं। दोनों इससे पहले 'आंखें', 'वक्त : द रेस अगेंस्ट टाइम', 'नमस्ते लंदन', 'सिंह इज किंग' और 'एक्शन रिप्ले' जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं। इस जोड़ी ने अब तक कॉमेडी, रोमांस, ड्रामा और एक्शन फिल्मों में काम किया है। ऐसे में पहली बार साइंस फिक्शन जॉनर में उनका साथ आना दर्शकों के लिए नया अनुभव होगा। मेकर्स ने फिल्म से जुड़ा एक और अपडेट दोपहर 2 बजे जारी करने की जानकारी दी है। अब दर्शकों को इसकी स्टारकास्ट और कहानी से जुड़ी बाकी जानकारियों का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे