अंडरगारमेंट में छिपाकर सोने की तस्करी का आरोप, चीनी नागरिक काठमांडू एयरपोर्ट से गिरफ्तार

16 Nov 2026 17:59:53
काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा


काठमांडू, 16 नवंबर (हि.स.)। अंडरगारमेंट में छिपाकर सोना तस्करी करने के आरोप में एक चीनी नागरिक को काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमवार को गिरफ्तार किया गया है।

चीन का नागरिक झान जुओक्विंग हांगकांग से कैथे पैसिफिक एयरलाइंस की उड़ान से काठमांडू पहुंचा था। हवाई अड्डे पर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। इसके बाद तलाशी लेने पर उसके अंडरगारमेंट में प्लास्टिक से लपेटकर छिपाया गया सोने जैसा दिखने वाला पीले रंग का पदार्थ बरामद हुआ।

हवाई अड्डा सुरक्षा कार्यालय के सह-प्रवक्ता डीएसपी ढुण्डीराज न्यौपाने के मुताबिक बरामद गोलाकार अर्धठोस पदार्थ का वजन 634.96 ग्राम है। पुलिस ने चीनी नागरिक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उसके पास से बरामद पदार्थ की जांच की जा रही है, ताकि उसकी वास्तविक प्रकृति की पुष्टि की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0