भारत और मिस्र ने व्यापार बढ़ाने, गैर-शुल्क बाधाओं को दूर करने पर की चर्चा

16 Nov 2026 18:22:53
भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति की बैठक के दौरान मिस्र के निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री से मुलाकात करते गोयल


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। भारत और मिस्र ने द्विपक्षीय व्यापार को लगभग 12 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ गैर-शुल्क बाधाओं को कम करने, सीमा शुल्क की प्रक्रियाओं को सुगम बनाने, मानकों को मजबूत करने और बाजार तक पहुंच बेहतर करने के तरीकों पर चर्चा की है।

काहिरा में हुई भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी) की सातवीं बैठक की सह-अध्यक्षता भारतीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा मिस्र के निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री मोहम्मद फरीद सालेह ने की। बैठक से पहले दोनों मंत्रियों के बीच द्विपक्षीय चर्चा हुई, जिसमें व्यापार का विस्तार करने, निवेश को आसान बनाने और दीर्घकालिक औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संबंध विकसित करने पर बात की। इसके आलावा संयुक्त व्यापार समिति ने मौजूदा व्यापार संबंधों की समीक्षा करने, व्यवसायों के सामने आने वाली चुनौतियों का आकलन करने और आपसी सहयोग के लिए नए क्षेत्रों की पहचान करने का अवसर प्रदान किया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने, एक-दूसरे के बाजारों तक पहुंच बेहतर करने और निवेश संबंधों को प्रोत्साहित करने के लिए तरजीही व्यापार समझौते या मुक्त व्यापार समझौते के लिए विचारार्थ विषयों पर विचार करने के लिए एक संयुक्त कार्य समूह गठित करने का फैसला किया है। मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने अगली संयुक्त व्यापार समिति की बैठक 2028 में नई दिल्ली में या इससे पहले किसी पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तारीख पर आयोजित करने पर सहमति भी जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0