अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली और कानपुर के बीच नई दैनिक ट्रेन कानपुर एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

16 Nov 2026 18:53:53
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाते हुए


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई दैनिक ट्रेन ‘कानपुर एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर कानपुर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी ने भी ट्रेन को रवाना किया।

रेलवे के अनुसार 428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में आधुनिक एलएचबी के 22 डिब्बे होंगे। यह ट्रेन अपने मार्ग में फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद सहित कई प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्रों को जोड़ेगी।

इस ट्रेन से औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों, एनटीपीसी और गेल के पाता संयंत्र, इटावा के कृषि क्षेत्र तथा फिरोजाबाद के कांच उद्योग को लाभ मिलेगा। इसके अलावा हाथरस के हींग प्रसंस्करण, पीतल और कृषि आधारित उद्योगों, अलीगढ़ के ताला उद्योग और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय तथा खुर्जा के सिरेमिक एवं मिट्टी के बर्तन उद्योग को भी बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

ट्रेन दादरी के औद्योगिक एवं माल परिवहन केंद्र और एनसीआर के प्रमुख औद्योगिक शहर गाजियाबाद को जोड़ते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इससे कारोबारियों, विद्यार्थियों, श्रमिकों और अन्य यात्रियों को कानपुर तथा दिल्ली के बीच सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

इस मौके पर वैष्णव ने कानपुर के लोगों को नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कानपुर के लोगों को इस नई रेल सेवा के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

नई रेल सेवा से उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा तथा यात्रियों को कानपुर और दिल्ली के बीच आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

रेल मंत्री ने कानपुर में आगामी रेल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अनवरगंज-मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रेल ट्रैक बनने से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की दशकों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा। इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है और आवश्यक मंजूरियां भी मिल गई हैं। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन उत्तर कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानपुर के विकास में नया अध्याय जोड़ेगा। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ते हुए पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक जाएगा। इसके शुरू होने पर दिल्ली से कानपुर की यात्रा लगभग एक घंटा 45 मिनट में पूरी हो सकेगी। लखनऊ से कानपुर की दूरी लगभग 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज की दूरी करीब एक घंटा 15 मिनट में तय की जा सकेगी।

वैष्णव ने कहा कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है। आने वाले समय में शहर में रेलवे के बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई अन्य विकास परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी।

इस अवसर पर सांसद अवस्थी ने कहा कि कानपुर का खोया गौरव वापस दिलाने का संकल्प अब धरातल पर आकार ले रहा है। कानपुर में बुलेट ट्रेन का ठहराव घोषित होने से शहर के लोगों में खुशी है। उन्होंने कहा कि रेलवे ने अनवरगंज-मंधना रेलखंड पर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की कानपुरवासियों की लंबे समय से लंबित मांग को भी मंजूरी दी है, जिसे वर्ष 2017-18 से उठाया जा रहा था। उन्होंने कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास और शहर के नाम पर नई ट्रेन शुरू होने पर भी प्रसन्नता जताई।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0