मनीला में भारतीय समुदाय के स्वागत से अभिभूत प्रधानमंत्री ने भारत-फिलीपींस के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों की झलक सराही

16 Nov 2026 18:58:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सोमवार को मनीला पहुंचने पर स्वागत


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिलीपींस में भारतीय समुदाय की ओर से किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीय अपनी संस्कृति को संरक्षित रखने के साथ-साथ भारत और फिलीपींस को करीब लाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि मनीला में भारतीय समुदाय से मिलकर उन्हें बहुत खुशी हुई। समुदाय ने उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा, “यह देखकर सुखद लगता है कि हमारे प्रवासी भारतीय भारतीय संस्कृति को संरक्षित रखने के साथ-साथ दोनों देशों को और करीब लाने के लिए भी काम कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वागत कार्यक्रम में भारत और फिलीपींस के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों की सुंदर झलक देखने को मिली। इस दौरान नौवीं-दसवीं शताब्दी की अगुसान की स्वर्ण तारा प्रतिमा और ऐतिहासिक लगुना ताम्रपत्र अभिलेख की प्रतिकृतियां प्रदर्शित की गईं। ये ऐतिहासिक धरोहरें दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत के प्राचीन सांस्कृतिक और समुद्री संपर्कों को दर्शाती हैं।

उन्होंने कार्यक्रम के विशेष आकर्षण का जिक्र कर कहा कि दोनों देशों के बच्चों द्वारा पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ किया जाना बेहद खास रहा। इसके बाद बॉलीवुड और भांगड़ा की ऊर्जावान प्रस्तुतियां हुईं। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दोनों देशों के बीच सदियों पुराने संबंधों और आज के दौर में जारी सांस्कृतिक आदान-प्रदान की जीवंत झलक दिखाई दी।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर सोमवार को मनीला पहुंचे। वह 17 नवंबर को दोनों शिखर सम्मेलनों में भाग लेंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0