
- समारोह के एक दिन पहले मंगलाचरण स्वरूप में सजेगी “गमक” की सभा
ग्वालियर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की संगीतधानी ग्वालियर में देश और दुनिया के सर्वाधिक प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव अंतरराष्ट्रीय “तानसेन समारोह” का आयोजन 15 से 19 दिसम्बर तक होगा। “तानसेन समारोह” का यह 102वां आयोजन है।
जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि हर साल की तरह इस बार भी मुख्य समारोह से एक दिन पहले 14 दिसंबर को सांध्यबेला में मंगलाचरण स्वरूप उप शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम “गमक” सभा सजेगी। इसमें देश के ख्याति प्राप्त कलाकार द्वारा भजन व सूफी गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
जनसम्पर्क अधिकारी हितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि तानसेन समारोह के सुव्यवस्थित अयोजन के लिये राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा स्थानीय समिति का गठन कर दिया गया है। यह समिति संभागीय आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में गठित की गई है। समारोह की तैयारी के सिलसिले में स्थानीय समिति की बैठक 21 नवम्बर को बुलाई गई है। इस दिन यह बैठक चंद्रबदनी नाका के समीप संयुक्त राजस्व भवन में द्वितीय तल पर स्थित संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में संभागीय आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में प्रात: 11.30 बजे रखी गई है।
ज्ञात हो कि संस्कृति विभाग से संबद्ध उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा हर साल संगीत की नगरी ग्वालियर में अंतराष्ट्रीय तानसेन समारोह का आयोजन किया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर