
काठमांडू, 16 नवंबर (हि.स.)। नेपाल ने बांग्लादेश को 40 मेगावाट बिजली का निर्यात फिलहाल बंद कर दिया है। दोनों देशों के बीच हुए पांच वर्षीय बिजली निर्यात समझौते की निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद इस साल के लिए बांग्लादेश को बिजली की आपूर्ति रोक दी गई है। अब अगले साल ही नेपाल से बांग्लादेश को दोबारा बिजली निर्यात किया जाएगा।
नेपाल विद्युत प्राधिकरण और बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड (बीपीडीबी) के बीच 2 अक्टूबर, 2022 को मानसून के दौरान बिजली निर्यात के लिए पांच साल का समझौता हुआ था। इस समझौते के तहत प्रत्येक वर्ष 15 जून से 15 नवंबर तक छह महीने की अवधि में प्रतिदिन 40 मेगावाट बिजली बांग्लादेश को निर्यात की जाती थी। समझौते के अनुसार इस साल रविवार तक 40 मेगावाट बिजली का निर्यात किया गया। निर्धारित अवधि समाप्त होने के साथ ही अब आपूर्ति रोक दी गई है।
नेपाल विद्युत प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक दीर्घायु कुमार श्रेष्ठ ने बताया कि अब अगले साल ही बांग्लादेश को बिजली निर्यात किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुष्क मौसम शुरू होने के कारण फिलहाल नेपाल के पास निर्यात के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं है। श्रेष्ठ के मुताबिक त्योहारों और छुट्टियों का समय समाप्त होने के बाद मंगलवार से औद्योगिक और अन्य क्षेत्रों में बिजली की मांग बढ़ने लगेगी। अभी बिजली प्रणाली में मांग लगभग 1,800 से 1,900 मेगावाट है, जो बढ़कर 2,400 से 2,500 मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल नेपाल में बिजली की उपलब्धता लगभग 2,600 से 2,700 मेगावाट है। ऐसे में घरेलू मांग बढ़ने के साथ भारत को होने वाला बिजली निर्यात भी धीरे-धीरे कम होता जाएगा। श्रेष्ठ ने कहा कि अगले सात से दस दिनों के भीतर नेपाल को भारत से बिजली आयात करने की जरूरत पड़ सकती है।
इस साल नेपाल से बांग्लादेश को बिजली निर्यात पहले भी बाधित हुआ था। 26 अगस्त को भोटेकोशी में आई भीषण बाढ़ से त्रिशूली कॉरिडोर के जलविद्युत प्रोजेक्टों को भारी नुकसान पहुंचा था। इसके कारण भारत के ट्रांसमिशन नेटवर्क के माध्यम से बांग्लादेश को भेजी जाने वाली 40 मेगावाट बिजली का निर्यात रोकना पड़ा था।
बाढ़ से बांग्लादेश को बिजली निर्यात की अनुमति प्राप्त त्रिशूली और चिलिमे जलविद्युत केंद्र प्रभावित हुए थे। इसके बाद नेपाल विद्युत प्राधिकरण ने भारतीय केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण से दूसरे जलविद्युत केंद्रों से उत्पादित बिजली बांग्लादेश भेजने की अनुमति प्राप्त की। इसके बाद बांग्लादेश को बिजली निर्यात फिर से शुरू किया गया था। हालांकि, अब समझौते की समयसीमा समाप्त होने और नेपाल में बिजली की घरेलू मांग बढ़ने के कारण निर्यात दोबारा रोक दिया गया है।
नेपाल ने पिछले सितंबर महीने में भारत को बिजली बेचकर 592 करोड़ 50 लाख नेपाली रुपये का कारोबार किया था। नेपाल विद्युत प्राधिकरण के विद्युत प्रणाली संचालन विभाग (लोड डिस्पैच सेंटर) के आंकड़ों के अनुसार सितंबर में भारत को कुल 63 करोड़ 39 लाख 86 हजार 8 यूनिट बिजली निर्यात की गई थी। पिछले साल सितंबर में भारत को बिजली निर्यात से 496 करोड़ 30 लाख रुपये का कारोबार हुआ था। इस तरह पिछले साल की तुलना में इस साल सितंबर में बिजली निर्यात से होने वाली आय में वृद्धि हुई है।
फिलहाल भारत की ओर नेपाल को कुल 1,179 मेगावाट बिजली निर्यात करने की अनुमति प्राप्त है। हालांकि, शुष्क मौसम शुरू होने के साथ जलविद्युत उत्पादन में संभावित कमी और घरेलू खपत में वृद्धि के कारण भारत को होने वाला निर्यात भी घटने लगेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास