
नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। वित्तीय, एफएमसीजी और कच्चे तेल एवं गैस कंपनियों के शेयरों में खरीदारी, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल में नरमी के बीच शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 512 अंक चढ़कर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी बढ़त के साथ 25,300 अंक के करीब पहुंच गया।
कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 512.34 अंक यानी 0.63 फीसदी उछलकर 82,104.79 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 719.20 अंक चढ़कर 82,311.65 अंक पर पहुंच गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित निफ्टी 146.80 अंक यानी 0.58 फीसदी बढ़कर 25,291.10 अंक पर बंद हुआ है। सेंसेक्स में शामिल प्रमुख कंपनियों में से आईटीसी, भारती एयरटेल, इटर्नल, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर मुख्य रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर टाटा स्टील, मारुति, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट रही।
इस बीच वैश्विक बाजार में कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड का भाव 0.34 फीसदी गिरकर आज 95.51 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई कम्पोजिट भी गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा। वहीं, यूरोप के बाजार दोपहर के सत्र में मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे।
इससे पहले पिछले शुक्रवार को सेंसेक्स 318.56 अंक यानी 0.39 फीसदी गिरकर 81,592.45 अंक पर, जबकि निफ्टी 155.05 अंक यानी 0.61 फीसदी टूटकर 25,144.30 अंक के स्तर पर रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर