
हरिद्वार, 16 नवंबर (हि.स.)। हरिद्वार में कुंभ-2027 से पहले अखाड़ा परिषद के दोनों गुटों के एक मंच पर आने के बाद अब आंतरिक विवादों को संवाद के जरिए सुलझाने की कवायद शुरू हो गई है। सोमवार को उत्तरी हरिद्वार स्थित मिश्री मठ में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने अखाड़ा परिषद के दूसरे गुट के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज से मुलाकात की। इससे पहले रविवार को अखाड़ा परिषद के दोनों गुटों के अध्यक्ष एक मंच पर नजर आए थे।
संयोगवश अखाड़ा परिषद के दोनों गुटों के अध्यक्षों का नाम श्रीमहंत रविंद्रपुरी ही है। इससे संत समाज में एकजुटता का सकारात्मक संदेश गया था। 13 अखाड़ों को एकजुट करने के बाद अब परिषद नया उदासीन अखाड़ा, बड़ा उदासीन अखाड़ा और निर्मल अखाड़े में चल रही खींचतान को खत्म करने में जुटी है।
महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि तीनों अखाड़ों में लंबे समय से अलग-अलग मुद्दों को लेकर गुटबाजी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अखाड़ा परिषद के दोनों गुट अब एकजुट होकर सभी पक्षों से संवाद कर विवाद समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। कुंभ से पहले अखाड़ों के बीच समन्वय और सौहार्द स्थापित किया जाएगा, ताकि संत समाज एकजुट होकर दिव्य और भव्य कुंभ में अपनी भूमिका निभा सके।
अखाड़ा परिषद के दूसरे गुट के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने कहा कि संत समाज की एकता और अखाड़ों की गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिस तरह अखाड़ा परिषद के दोनों गुट और सभी 13 अखाड़े एकजुट हुए हैं, उसी तरह आंतरिक विवादों को भी बातचीत से समाप्त कर सभी संतों को एक मंच पर लाया जाएगा।
अखाड़ा परिषद के दोनों गुटों की एकजुटता से मेला प्रशासन को भी राहत मिली है। लंबे समय से चली आ रही खींचतान मेला प्रशासन के लिए चुनौती बनी थी। अब समन्वय बढ़ने से कुंभ की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर महंत ऋषिश्वरानंद, महंत शंकरानंद महाराज, डॉ. उमेश सचान, अनिरुद्ध भाटी आदि मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला