'युगे युगैन भारत' संग्रहालय में रखी जाएगी 4500 साल पुरानी कांसे की प्रतिमा 'डांसिंग गर्ल'

16 Nov 2026 20:49:53
4500 साल पुरानी हड़प्पा कालीन कांसे की प्रतिमा डांसिंग गर्ल


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)।

सिंधु घाटी सभ्यता की करीब 4500 वर्ष पुरानी कांस्य प्रतिमा 'डांसिंग गर्ल' जल्द ही दुनिया के सबसे बड़े म्यूजियम 'युगे युगैन भारत' की पहली गैलरी में स्थापित होगी। नए संग्रहालय में प्रतिमा को 'अर्ली आइडियाज ऑफ अडॉर्नमेंट' (आभूषण और अलंकरण की प्रारंभिक अवधारणाएं) नामक खंड में प्रदर्शित की जाएगी। इस खंड में निजाम के आभूषण, तक्षशिला के प्राचीन आभूषण (गहने) जो भारतीय उपमहाद्वीप की समृद्ध और उत्कृष्ट स्वर्णकारी एवं धातु-शिल्प कला का बेहतरीन उदाहरण है, इसके साथ गांधार के आभूषण प्रदर्शित किए जाएंगे। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय संग्रहालय में रखी इस प्रतीमा को युगे युगैन भारत संग्रहालय की पहली गैलरी में स्थानांतरित किया जाएगा। इस गैलरी में देश भर के संग्रहालयों में रखे सभ्यागत आभूषणों को स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मौजूदा राष्ट्रीय संग्रहालय का भी कायाकल्प किया जाएगा इसके तहत संग्रहलाय में रखी 90 प्रतिशत से अधिक पुरातन, ऐतिहासिक धरहरों को वहां प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ यहां से कई प्राचीन धरोहर को युगे युगैन भारत संग्रहालय में शिफ्ट किया जाएगा। अगले साल तक इस संग्रहालय की पहली गैलरी आम जनता के लिए खोल दी जाएगी।

डांसिंग गर्ल' सिंधु घाटी सभ्यता की सबसे प्रसिद्ध कलाकृतियों में से एक है। लगभग 4500 वर्ष पुरानी यह कांस्य प्रतिमा प्राचीन भारत की धातु शिल्पकला, कलात्मक अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जाती है।

उल्लेखनीय है कि 'युगे युगैन भारत' म्यूजियम नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में कुल 1 लाख 78 हजार 509 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया जा रहा है। इस म्यूजियम में देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को प्रदर्शित करने वाला क्षेत्र दुनिया के किसी भी संग्रहालय से बड़ा होगा। इसके निर्माण पर करीब 3230 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सरकार ने इसे साल 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है, जबकि 2027 तक इस संग्रहालय का पहला चरण पूरा हो जाएगा और एक हिस्सा आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18 मई 2023 को इस म्यूजियम को बनाने का ऐलान किया था। इसके बाद संस्कृति मंत्रालय ने इसका पूरा प्रोजेक्ट प्लान तैयार किया। हाल ही में इस कैबिनेट की मंजूरी भी मिल गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0