अमृतसर में पुलिस का बड़ा एक्शन: सात तस्कर गिरफ्तार, 39 किलो हेरोइन और 10 पिस्तौल बरामद

युगवार्ता    17-Nov-2026
Total Views |
Sharing operational details IGP Border Range Gurpreet Singh Bhullar


अमृतसर, 17 नवंबर (हि.स.)। अमृतसर पुलिस ने एक नाबालिग सहित सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों और नशा तस्करी के विभिन्न नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 10 आधुनिक पिस्तौल, 102 जिंदा कारतूस, 38.962 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप और 800 ग्राम अफीम बरामद की गई है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान अमृतसर के गांव घनुपुर काले निवासी लक्ष्य खत्री, अमृतसर के गांव शहजादा निवासी गुरमीत सिंह, लुधियाना के नूरपुर बेट निवासी मनदीप सिंह, तरनतारन के गंढीविंड निवासी विशालदीप सिंह तथा अमृतसर के चविंडा कलां निवासी गुरदित्त सिंह और विशाल के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने उक्त आरोपितों के साथ एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया है।

अभियान के संबंध में जानकारी साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर की गई इन कार्रवाइयों के दौरान पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार विशेष नाके लगाए गए। इसके साथ ही सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की बटालियनों के साथ संयुक्त तलाशी अभियान भी चलाए गए।

आईजीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बड़ी बरामदगियों का विवरण देते हुए बताया कि थाना भिंडी सैदां के क्षेत्र में पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने अड्डा भिंडी सैदां में बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार मनदीप सिंह और विशालदीप सिंह को रोककर उनके कब्जे से 12 किलोग्राम हेरोइन, एक .30 बोर पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए।

इसी तरह उन्होंने बताया कि थाना लोपोके की टीमों ने बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान के दौरान गांव सिधवां नहर के निकट लक्ष्य खत्री और उसके नाबालिग साथी को काबू कर 4.992 किलोग्राम हेरोइन बरामद की तथा उनकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त कर ली। उन्होंने आगे बताया कि एक अन्य कार्रवाई में पुलिस टीमों ने पधरी नहर के पुल के निकट नाका लगाकर गुरदित्त सिंह और विशाल को चार किलोग्राम हेरोइन तथा 800 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया।

आईजीपी ने बताया कि थाना अजनाला में गश्त कर रही टीमों ने गांव गुज्जरपुरा के निकट बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल का पीछा करते हुए गुरमीत सिंह को काबू किया। उसके किट बैग से तीन किलोग्राम हेरोइन, तीन पिस्तौल, जिनमें एक .30 बोर और दो 9 एमएम पिस्तौल शामिल हैं, पांच मैगजीन तथा 90 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा थाना जंडियाला के अंतर्गत हवेली के निकट लगाए गए हाईटेक नाके पर पुलिस ने एक कार को रोककर उसमें से दो पिस्तौल बरामद किए।

अधिक जानकारी साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि संयुक्त सीमावर्ती तलाशी अभियानों के दौरान चार बड़ी अन-क्लेमड बरामदगियां भी हुई हैं। इनमें थाना लोपोके के अंतर्गत गांव हेतमपुर के खेतों से आठ मैगजीन सहित चार जिगाना पिस्तौल, थाना लोपोके के अंतर्गत बहिरवाल पुल-शहूरा सड़क पर लावारिस हालत में पड़ी पांच किलोग्राम हेरोइन, थाना घरिंडा के अंतर्गत सीमा चौकी (बीओपी) दाओके के निकट ड्रोन की गतिविधि के बाद 4.970 किलोग्राम हेरोइन तथा थाना घरिंडा के अंतर्गत गांव धोदेविंड के खेतों से पांच किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी शामिल है।

इस संबंध में अमृतसर के थाना घरिंडा, थाना लोपोके, थाना अजनाला और थाना भिंडी सैदां में नौ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Tags