गाजा में इजराइली गोलीबारी और हवाई हमलों में 6 साल के बच्चे समेत चार फिलिस्तीनियों की मौत

17 Nov 2026 21:12:53

काहिरा, 17 नवंबर (हि.स.)। गाजा पट्टी में मंगलवार को इजराइली गोलीबारी और हवाई हमलों में छह साल के बच्चे समेत चार फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

चिकित्साकर्मियों के मुताबिक, मध्य गाजा के पूर्वी दीर अल-बलाह इलाके में दो अलग-अलग घटनाओं में इजराइली गोलीबारी से दो लोगों की जान गई। इनमें छह वर्षीय अयास अल-निमनिम भी शामिल है। वहीं, खान यूनिस और बीर अल-नाजा इलाके में किए गए दो अलग-अलग हवाई हमलों में दो अन्य फलस्तीनी मारे गए। ये दोनों इलाके गाजा पट्टी के दक्षिण और उत्तर में स्थित हैं।

अक्टूबर 2025 में लागू हुए युद्धविराम से गाजा में इजराइल और हमास के बीच बड़े पैमाने पर जारी लड़ाई थम गई थी, लेकिन इसके बाद भी इजराइली हमले जारी रहे हैं। युद्धविराम के बावजूद हमास के निरस्त्रीकरण का मुद्दा भी हल नहीं हो सका है।

गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से अब तक कम से कम 1,600 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। इस अवधि में पांच इजराइली सैनिकों की भी मौत हुई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0