महिलाओं की प्रभावी भागीदारी से मजबूत होंगी लोकतंत्र की जड़ें : ओम बिरला

17 Nov 2026 17:57:53
ओम बिरला ने मंगलवार को बेंगलुरु के विधान सौध में आयोजित प्रथम राष्ट्रमंडल महिला सांसद सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया।


-बेंगलुरु में प्रथम राष्ट्रमंडल महिला सांसद सम्मेलन का उद्घाटन, महिला नेतृत्व और डिजिटल सशक्तीकरण पर दिया जोर

बेंगलुरु, 17 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि जब महिलाओं को पंचायत से संसद तक समान अवसर, सुरक्षित वातावरण और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी मिलेगी, तभी लोकतंत्र की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी। महिला नेतृत्व की शक्ति, संवेदनशीलता और जवाबदेही से भारत का लोकतंत्र अधिक समावेशी, पारदर्शी और सशक्त बनेगा।

ओम बिरला ने मंगलवार को बेंगलुरु स्थित विधान सौध में आयोजित प्रथम राष्ट्रमंडल महिला सांसद सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रमंडल देशों की महिला सांसदों के साथ विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष महिला नेतृत्व और लोकतांत्रिक संस्थाओं में उनकी प्रभावी भागीदारी के महत्व पर अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि भगवान बसवेश्वर के अनुभव मंडप की गौरवशाली लोकतांत्रिक परंपरा और कित्तूर की रानी चेन्नम्मा के अदम्य साहस की साक्षी कर्नाटक की धरती ज्ञान, नवाचार और प्रगतिशील चेतना की विशिष्ट पहचान रखती है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और राष्ट्र के नवनिर्माण में महिलाओं का योगदान अविस्मरणीय रहा है। आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल, अंतरिक्ष, रक्षा और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व से नए प्रतिमान स्थापित कर रही हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदार एवं नैतिक उपयोग नीति निर्माण, विधायी कार्यवाही, जनसंवाद और सुशासन को अधिक प्रभावी बना सकता है। ऐसे में प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस युग में महिलाओं का डिजिटल सशक्तीकरण तथा उनके लिए सुरक्षित साइबर वातावरण सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि महिला सांसद केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि स्वयं में एक संस्था हैं। अनुभवी महिला जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन, निरंतर संवाद और क्षमता निर्माण के माध्यम से नई पीढ़ी के नेतृत्व को उचित दिशा और सामर्थ्य प्रदान किया जाना चाहिए।

ओम बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि महिला नेतृत्व की शक्ति, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व से भारत का लोकतंत्र अधिक समावेशी, पारदर्शी और जवाबदेह बनेगा। यही सामर्थ्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का मजबूत आधार बनेगा।----------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Powered By Sangraha 9.0