मप्र के खंडवा में भारी विरोध प्रदर्शन के बाद रात 8 बजे हटाई गई दरगाह, दिनभर बना रहा तनाव

युगवार्ता    17-Nov-2026
Total Views |
मप्र के खंडवा में जेसीबी से दरगाह हटाते हुए


मप्र के खंडवा में दरगाह हटाने का विरोध करते प्रदर्शनकारी


मप्र के खंडवा में दरगाह को घेरकर बैठे प्रदर्शनकारी


- सड़क चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन ने की कार्रवाई

खंडवा, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा के मानसिंगका आईमिल चौराहे पर दरगाह हटाने को लेकर मंगलवार को दिनभर गहमागहमी बनी रही। सुबह प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। हालात ऐसे बने कि लोगों ने मजार को घेरकर उसे वापस उसी स्थान पर रख दिया। इसके बाद प्रशासन और मुस्लिम पक्ष के बीच बातचीत हुई। देर शाम भीड़ कम होने पर प्रशासन ने दोबारा कार्रवाई शुरू की और रात करीब 8 बजे जेसीबी की मदद से दरगाह हटा दी।

करीब 10 मिनट में ढांचा ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद नगर निगम की गाड़ियों से मलबा हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। दरगाह हटाए जाने के बाद भी एहतियात के तौर पर पुलिसकर्मियों को मौके पर बनाए रखा गया। यातायात भी सुचारू करा दिया गया। प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने बताया कि शहर के मास्टर प्लान के तहत संबंधित मार्ग का चौड़ीकरण प्रस्तावित है। दरगाह का करीब 8 से 10 फीट हिस्सा सड़क की सीमा में आ रहा था। इसके पास स्थित मील की ऊंची दीवार भी हटाई जानी थी। आशंका थी कि दीवार तोड़ने के दौरान गिरने वाला मलबा दरगाह को नुकसान पहुंचा सकता है। इसी वजह से पहले दरगाह हटाने की कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि नगर निगम की जेसीबी से काम शुरू कराया गया था, लेकिन मुस्लिम समाज के विरोध के चलते प्रशासन को उस समय कार्रवाई रोकनी पड़ी। बाद में दोनों पक्षों के बीच चर्चा हुई और देर शाम दोबारा कार्रवाई की गई।

शहरकाजी ने जताई थी आपत्ति

दरगाह पर पहुंचे शहरकाजी सैयद निसार अली ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उन्होंने हजरत कासमशाह वली की दरगाह को पुराना धार्मिक स्थल बताते हुए कहा था कि प्रशासन को सड़क चौड़ीकरण की पूरी योजना सार्वजनिक करनी चाहिए। साथ ही यह स्पष्ट करना चाहिए कि किन स्थानों पर और कितनी सीमा तक अतिक्रमण चिह्नित किया गया है।

शहरकाजी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की थी। उनका दावा था कि सिटी मजिस्ट्रेट से चर्चा के बाद दरगाह को यथावत रखने पर सहमति बनी है और वहां टीनशेड लगाया जाएगा।

शहरकाजी के खिलाफ हिंदू पक्ष की शिकायत

दूसरी ओर, हिंदू पक्ष के नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शहरकाजी सैयद निसार अली के खिलाफ नामजद शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्होंने दरगाह हटाने के विवाद के दौरान हिंदू समाज के मंदिरों को लेकर टिप्पणी की और सिटी मजिस्ट्रेट को धमकाया।

हिंदू पक्ष ने इसे शहर का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बताते हुए कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में हिंदू समाज प्रदर्शन करेगा।

दिनभर चले घटनाक्रम के दौरान कई थानों का पुलिस बल तैनात रहा। रात में दरगाह हटाने की कार्रवाई पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरी की गई। क्षेत्र में किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags