गोपाष्टमी पर मालवा भ्रमण पर निकले ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर, 15 दिन मंदिर में नहीं सजेगा शयन शृंगार

17 Nov 2026 16:25:53
ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर का पूजन करते हुए पुरोहित


खंडवा, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिला स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर परंपरा के अनुसार मंगलवार को गोपाष्टमी के अवसर पर अपने ससुराल यानी मालवा क्षेत्र के 15 दिवसीय भ्रमण पर प्रस्थान कर गए हैं। अब 15 दिन बाद एक दिसंबर को भैरव अष्टमी के दिन बाबा वापस ओंकारेश्वर पधारेंगे। इस दौरान मंदिर में रात्रि में शयन आरती, झूला और चोपड़ की सजावट नहीं होगी।

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मालवा भ्रमण की परम्परा सदियों पुरानी है। इस प्राचीन परंपरा के निर्वहन में मंगलवार को ज्योतिर्लिंग मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन किया गया। भगवान को गुड़ और आटे से निर्मित विशेष प्रसाद (टुकड़ी) का भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा की गई। राजपुरोहित पंडित जगदीशचंद्र परसाई द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री गणेश पूजा, हनुमान पूजा, नंदी पूजा और चौखट पूजा विधि-विधान से संपन्न कराई गई। इस विशेष पूजन का आयोजन मंदिर के ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह चौहान और उनकी पुत्री प्राची सिंह चौहान द्वारा करवाया गया। इसके बाद ढोल-ढमाकों के साथ भगवान को सांकेतिक रूप से 15 दिवसीय मालवा भ्रमण के लिए रवाना किया गया।

ओंकारेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित डंकेश्वर दीक्षित ने बताया कि भगवान राम से 14 पीढ़ी पूर्व मान्धाता राजा की तपस्या से भगवान ओंकारेश्वर प्रकट हुए थे। निमाड़ को बाबा भोलेनाथ का निवास और मालवा क्षेत्र को उनका ससुराल माना जाता है। इसी किंवदंती और परंपरा के तहत बाबा गोपाष्टमी से भैरवाष्टमी तक 15 दिनों के लिए मालवा भ्रमण पर जाते हैं। प्रस्थान के अवसर पर भगवान को सवा मन का विशेष भोग लगाया गया और ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें विदा किया गया।

ज्योतिर्लिंग मन्दिर के मुख्य पुजारी डंकेश्वर दीक्षित ने बताया कि भोले बाबा बाबा ओंकारेश्वर के भ्रमण पर रहने के कारण आज से आगामी 15 दिनों तक मंदिर में भगवान की शयन व्यवस्था नहीं रहेगी। इस अवधि में भगवान का झूला, पलना और चौपड़-पांसे आदि नहीं लगाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को 'शयन शृंगार' के दर्शन नहीं हो सकेंगे।

हालांकि, इस दौरान रोजाना की तरह ही शयनकालीन आरती यथावत संपन्न होगी और प्रतिदिन होने वाले सामान्य दर्शन भी पूर्ववत जारी रहेंगे। आगामी एक दिसंबर 2026 को भैरव अष्टमी के दिन जब भगवान ओंकारेश्वर मालवा भ्रमण से वापस पधारेंगे, तब ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया जाएगा और झूला-पलना सहित शयन शृंगार की व्यवस्था पुनः विधिवत प्रारंभ हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0