बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दीपावली के बाद उमड़े पर्यटक, 7 दिन में 7,692 ने की सफारी

17 Nov 2026 23:04:53
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में कलरव करते हुए पक्षी (जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीर)


- देशी के साथ विदेशी पर्यटकों में भी दिखा उत्साह, कोर और बफर दोनों क्षेत्रों में बढ़ा पर्यटन

भोपाल, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दीपावली के बाद पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वन्यजीवों और प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध इस राष्ट्रीय उद्यान में 9 से 15 नवंबर के बीच सात दिनों में 7,692 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया।

जनसम्पर्क अधिकारी गजेन्द्र द्विवेदी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि बांधवगढ़ की लोकप्रियता देश के साथ-साथ विदेशों में बढ़ रही है। इसी का परिणाम है कि बीते एक सप्ताह के दौरान 1,513 से अधिक सफारी वाहनों से 7,692 पर्यटकों ने जंगल की सैर की। इनमें 7,006 भारतीय और 686 विदेशी पर्यटक शामिल रहे।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, बांधवगढ़ में बीते सप्ताह पर्यटकों की अच्छी आवाजाही बनी रही। गत 12 नवंबर को सर्वाधिक 1,276 पर्यटकों ने जंगल सफारी की, जबकि 10 नवंबर को 1,268 पर्यटक बांधवगढ़ पहुंचे। खास बात यह रही कि पर्यटकों ने कोर क्षेत्र के साथ-साथ बफर क्षेत्रों में भी विशेष रुचि दिखाई। इस अवधि में कोर क्षेत्र में 4,811 और बफर क्षेत्र में 2,881 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। पर्यटकों के पसंदीदा क्षेत्र ताला और मगधी रहे। विदेशी पर्यटकों में भी मगधी जोन का विशेष आकर्षण रहा, जहां 235 विदेशी पर्यटकों ने भ्रमण किया।

उन्होंने बताया कि बांधवगढ़ में बढ़ती पर्यटक संख्या वन्यजीव पर्यटन के विस्तार के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी उत्साहजनक है। पर्यटकों की आवाजाही से स्थानीय गाइड, सफारी वाहन चालकों, होटल, रिसॉर्ट और होम-स्टे संचालकों को लाभ मिल रहा है। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं। बफर क्षेत्रों में बढ़ती पर्यटक गतिविधियां इन क्षेत्रों की पर्यटन संभावनाओं को भी नई पहचान दे रही हैं।

टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने पर्यटकों की बढ़ती संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बेहतर वन्यजीव प्रबंधन, सुव्यवस्थित सफारी व्यवस्था और स्थानीय समुदायों के सहयोग का परिणाम बताया है। प्रबंधन ने पर्यटकों से जंगल भ्रमण के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने, वन्यजीवों को परेशान न करने, निर्धारित मार्गों पर ही सफारी करने तथा प्लास्टिक और अन्य कचरा जंगल में नहीं फैलाने की अपील की है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0