नेपाल को भारत से 350 मेगावाट बिजली आयात की अनुमति, 56 मेगावाट निर्यात भी करेगा

17 Nov 2026 15:25:53
नेपाल विद्युत प्राधिकरण


काठमांडू, 17 नवंबर (हि.स.)। नेपाल विद्युत प्राधिकरण को इस वर्ष सर्दियों के दौरान भारत से 350 मेगावाट बिजली आयात करने की अनुमति मिल गई है। भारत के विद्युत मंत्रालय के अधीन केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण ने भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज (IEX) के डे-अहेड और रियल-टाइम बाजार से प्रतिस्पर्धी दरों पर प्रतिदिन 17 घंटे तक बिजली खरीदने की अनुमति दी है।

नेपाल को 17 नवंबर 2026 से 31 जुलाई 2027 तक बिजली आयात करने की अनुमति मिली है। इसके तहत सुबह 5 बजे से 8 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक के समय को छोड़कर अन्य समय में IEX के माध्यम से प्रतिदिन बिजली खरीदी जा सकेगी।

अनुमति के अनुसार, कटैया-कुशाहा, रामनगर-सुरजपुरा और रक्सौल-परवानीपुर 132 केवी ट्रांसमिशन लाइनों के माध्यम से 300 मेगावाट तथा न्यू नौतनिया-मैनहिया 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन के जरिए 50 मेगावाट बिजली आयात की जा सकेगी। इस तरह कुल 350 मेगावाट बिजली भारत से खरीदी जा सकेगी।

नेपाल विद्युत प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक दीर्घायु श्रेष्ठ ने बताया कि भारत से 350 मेगावाट बिजली आयात की अनुमति मिलने से आगामी सर्दियों में बिजली की मांग और आपूर्ति का प्रबंधन करना आसान होगा।

उन्होंने बताया कि रसुवा जिले में भोटेकोशी के रास्ते त्रिशूली नदी में आई बाढ़ के कारण जलविद्युत परियोजनाओं और ट्रांसमिशन लाइनों को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते 431 मेगावाट की कुल स्थापित क्षमता वाली जलविद्युत परियोजनाएं राष्ट्रीय विद्युत प्रणाली से कट गई हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगामी सर्दियों में बिजली की मांग और आपूर्ति के प्रबंधन के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

पिछले वर्ष बिजली की मांग और उत्पादन की स्थिति के आधार पर किए गए विश्लेषण के अनुसार, इस वर्ष लगातार चार महीनों तक नेपाल में बिजली की मांग घरेलू उत्पादन से अधिक रहने का अनुमान है। इस अवधि में भारत से बिजली आयात करने की जरूरत पड़ेगी। विशेष रूप से फरवरी और मार्च महीने में प्रतिदिन औसतन 450 से 500 मेगावाट बिजली लगातार आयात करनी पड़ सकती है। वहीं, अधिक मांग वाले पीक आवर में प्रतिदिन 800 से 900 मेगावाट तक बिजली आयात करने की आवश्यकता का अनुमान है।

प्राधिकरण के अनुसार, आगामी वैशाख महीने से नदियों में पानी का बहाव धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। इससे घरेलू जलविद्युत उत्पादन में वृद्धि होगी और भारत से बिजली आयात की जरूरत कम होती जाएगी। इसके बाद नेपाल दोबारा बिजली निर्यात शुरू करने की स्थिति में आ जाएगा। नेपाल विद्युत प्राधिकरण को तीन जलविद्युत परियोजनाओं से उत्पादित कुल 56 मेगावाट बिजली भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज बाजार में बेचने की अनुमति भी मिल गई है।

प्राधिकरण को 17 नवंबर 2026 से 31 जुलाई 2027 तक इस बिजली के निर्यात की अनुमति दी गई है। यानी सर्दियों में बिजली की कमी के कारण भारत से बिजली आयात करने वाला नेपाल घरेलू उत्पादन बढ़ने के बाद फिर से भारत को बिजली बेच सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0