नेपाल के पीएम 22 को आएंगे भारत, राष्ट्रपति और पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

17 Nov 2026 21:03:55
भरत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह


काठमांडू, 17 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22-23 नवंबर को भारत के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर जाएंगे।

नेपाल के प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय का दावा है कि इस यात्रा के दौरान नेपाल और भारत के बीच लंबे समय से चर्चा में रहे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनाई जाएगी और उन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री शाह के प्रारंभिक दौरा कार्यक्रम के अनुसार वह 22 नवंबर को दोपहर में काठमांडू से नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से भारत की राजधानी नई दिल्ली रवाना होंगे। अगले दिन यानी 23 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद उनकी काठमांडू वापसी होगी।

दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास के अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री शाह के नई दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचने पर भारत सरकार के एक केंद्रीय मंत्री उनका स्वागत करेंगे। भारत पहुंचने के बाद 22 नवंबर को प्रधानमंत्री शाह की भारतीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के साथ अलग-अलग मुलाकातें निर्धारित की गई हैं। ये सभी मुलाकातें दिल्ली के होटल ताज में तय किया गया है।

इसी दिन नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास प्रधानमंत्री के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन करेगा।

22 नवंबर की शाम भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर प्रधानमंत्री शाह से उनके होटल में मुलाकात करेंगे। इसी तरह गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल भी होटल में ही उनसे मुलाकात करेंगे।

23 नवंबर : राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर, गांधी समाधि पर श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री शाह के सम्मान में 23 नवंबर की सुबह राष्ट्रपति भवन में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर का कार्यक्रम रखा गया है। इस समारोह में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री शाह दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

राजघाट कार्यक्रम के बाद वह अपने होटल लौटेंगे, जहां उनकी भारतीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ मुलाकात होगी। वित्त मंत्री सीतारमण के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री बालेन शाह अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री शाह के सम्मान में दिवाभोज का आयोजन भी करेंगे।

दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास के अनुसार, शुरुआत में दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच करीब आधे घंटे की अलग बैठक निर्धारित की गई है। हालांकि, कूटनीतिक अधिकारियों के मुताबिक, इस बैठक को 'वन प्लस फोर' प्रारूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें दोनों देशों के प्रधानमंत्री के साथ उनके चार-चार सहयोगी भी शामिल होंगे।

इसके बाद 'वन प्लस फोर्टीन' प्रारूप में औपचारिक द्विपक्षीय बैठक होगी। इसमें दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के अलावा 14-14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में होने वाली यह यात्रा की सबसे महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें नेपाल और भारत के बीच विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। कई महत्वपूर्ण एजेंडे पर सहमति बनने और समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है।

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे दोनों प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री स्तर की द्विपक्षीय बैठक के बाद नरेंद्र मोदी और बालेन शाह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों प्रधानमंत्री मीडिया को संबोधित करेंगे, लेकिन पत्रकारों के सवाल-जवाब का सत्र आयोजित नहीं किया जाएगा।

इसके बाद प्रधानमंत्री शाह भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे।

प्रधानमंत्री के राजकीय दौरे के समापन पर भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री मीडिया को यात्रा के संबंध में जानकारी देंगे।

प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल के खर्च की व्यवस्था

विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, नेपाल से प्रधानमंत्री के साथ भारत जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल 15 अधिकारियों के यात्रा, ठहरने और खानपान का खर्च भारत सरकार वहन करेगी। जबकि प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों के खर्च की जिम्मेदारी नेपाल सरकार की होगी।

दो दिवसीय भारत यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री बालेन शाह 23 नवंबर को शाम 4:50 बजे नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से काठमांडू वापस लौटेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0