शरद कपूर ने किया वापसी का ऐलान

17 Nov 2026 13:20:53
शरद कपूर - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 17 नवंबर (हि.स.)। फिल्म 'जोश' में नजर आ चुके अभिनेता शरद कपूर इन दिनों स्वास्थ्य और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से काम और आर्थिक मदद की अपील की थी।

इस बीच, अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर प्रशंसकों का आभार जताया है। उन्होंने अपने चाहने वालों को भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही काम पर लौटेंगे। शरद की अपील उस समय चर्चा में आई थी, जब खराब सेहत के कारण उनके चार पालतू कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजे जाने की खबर सामने आई थी।

वीडियो संदेश में शरद ने कहा कि वह प्रशंसकों के प्यार और समर्थन के लिए उनके आभारी हैं। उन्होंने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे अपना प्यार इसी तरह बनाए रखें। अभिनेता ने भरोसा दिलाया कि वह कभी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, जनवरी में मैं एक रॉकस्टार की तरह काम करना शुरू करूंगा और वैसा ही बनूंगा। उनके इस संदेश के बाद प्रशंसकों ने खुशी जताई और उनकी जल्द वापसी की कामना की।

शरद का यह वीडियो 16 नवंबर को मुंबई में अभिनेता सोनू सूद से मुलाकात के बाद सामने आया है। दोनों कलाकारों की मुलाकात के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें वे गर्मजोशी से गले मिलते और बातचीत करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सोनू सूद ने शरद को आर्थिक मदद देने या अपनी किसी आगामी फिल्म में काम का अवसर देने की पेशकश की है या नहीं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0