इजराइल चुनाव में वोट खरीदने के आरोपों की जांच में नतीजों को प्रभावित करने वाले सबूत नहीं मिले: सीईसी

17 Nov 2026 23:57:53

यरुशलम, 17 नवंबर (हि.स.)। इजराइल में पिछले महीने हुए चुनाव के दौरान अरब समुदाय के मतदाताओं को पैसे देकर वोट खरीदने के आरोपों की जांच में अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित होने की पुष्टि हो सके। केंद्रीय निर्वाचन समिति (सीईसी) ने बयान जारी कर यह जानकारी दी है।

समिति के अनुसार, शिन बेट की जांच में कई तरह के संदेह सामने आए हैं, लेकिन फिलहाल मतदाताओं को बड़े पैमाने पर रिश्वत दिए जाने के प्रमाण नहीं मिले हैं। सीईसी अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट के उपाध्यक्ष नोआम सोलबर्ग ने बयान को मंजूरी दी। शिन बेट प्रमुख डेविड जिनी ने मंगलवार रात उन्हें जांच की प्रगति से अवगत कराया था।

सीईसी ने कहा कि सच्चाई सामने लाने और यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि क्या चुनाव प्रक्रिया को अनुचित गतिविधियों के जरिए प्रभावित करने की कोशिश की गई थी। हालांकि, अब जांच का जोर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों, विशेषकर चुनाव में तोड़फोड़ और विदेशी हस्तक्षेप की आशंकाओं पर केंद्रित हो रहा है।

चुनाव के दो दिन बाद सोलबर्ग ने शिन बेट को विदेशी हस्तक्षेप के आरोपों की जांच शुरू करने का आदेश दिया था। उस समय खुफिया एजेंसी ने निर्वाचन समिति को कुछ सूचनाएं दी थीं, जिनके आधार पर जांच जरूरी मानी गई।

इसके अलावा, चुनाव के दिन और उसके बाद अरब बहुल रा'म पार्टी के कार्यकर्ताओं पर मतदाताओं को पार्टी के पक्ष में वोट देने के बदले आर्थिक लाभ देने की योजना चलाने के आरोप लगे थे। इस मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों संदिग्धों को हिरासत से रिहा कर दिया गया है। अब मामले में आरोपपत्र दाखिल किए बिना जांच बंद किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0