ओलंपियन मनु भाकर आईएसएसएफ एथलीट्स समिति की सदस्य निर्वाचित

17 Nov 2026 15:50:53
मनु भाकर


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय निशानेबाज मनु भाकर को अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी महासंघ (आईएसएसएफ) की एथलीट्स समिति का सदस्य निर्वाचित किया गया है। उनका कार्यकाल 2026 से 2030 तक होगा। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) को महासंघ की ओर से मनु के निर्वाचन की आधिकारिक पुष्टि मिल गई है।

म्यूनिख से 16 नवंबर को जारी आधिकारिक पत्र में आईएसएसएफ के अध्यक्ष लुसियानो रोसी और महासचिव एलेसांद्रो निकोत्रा डी सैन जियाकोमो ने मनु को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उनका निर्वाचन दो प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के दौरान सक्रिय निशानेबाजों के बीच कराए गए ऑनलाइन मतदान के आधार पर हुआ। इनमें मिस्र के काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप (300 मीटर राइफल) और कतर के दोहा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप (राइफल, पिस्टल और शॉटगन) शामिल हैं।

मनु भाकर उन छह खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें राइफल, पिस्टल और शॉटगन वर्गों से समिति के लिए चुना गया है। इस चुनाव में 20 सदस्य महासंघों के 22 उम्मीदवार मैदान में थे। प्रत्येक निशानेबाजी वर्ग से दो प्रतिनिधियों का चयन खिलाड़ियों ने अपने बीच से किया। समिति के शेष सदस्यों को अब आईएसएसएफ की कार्यकारी समिति नामित करेगी।

अपने निर्वाचन पर मनु भाकर ने कहा कि एथलीट्स समिति का सदस्य चुना जाना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने साथी निशानेबाजों के भरोसे के लिए आभार जताते हुए कहा कि वह खिलाड़ियों की आवाज को मजबूती से उठाने, नियमों और प्रतियोगिता कार्यक्रमों को अधिक स्पष्ट बनाने तथा खिलाड़ियों के लिए बेहतर सहयोग व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम करेंगी। साथ ही जमीनी स्तर पर नई प्रतिभाओं को तैयार करने और पूरे निशानेबाजी समुदाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

एनआरएआई ने मनु के निर्वाचन का स्वागत करते हुए कहा कि इससे वैश्विक स्तर पर खिलाड़ियों के हितों और उनकी समस्याओं को उठाने में भारत की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित होगी। यह नियुक्ति लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0