उत्तर प्रदेश में भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार हासिल करेगी ऐतिहासिक विजय: नितिन नवीन

17 Nov 2026 20:07:53
मंचासीन भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन,राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य


भाजपा अध्यक्ष नीतिन नवीन का स्वागत करते उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक


लखनऊ, 17 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय योजना बैठक मंगलवार को मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में संपन्न हुई। समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदाधिकारियों को आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 'मिशन-2027' की तैयारियों का मंत्र दिया।

नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी के समर्पित एवं अथक परिश्रमी कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने तथा सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यूपी में डबल इंजन वाली योगी सरकार ने विकास को घर—घर पहुंचाया है। बैठक में नितिन नवीन ने आगामी तीन महीनों की कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों और सहयोगी दलों के साथ समन्वय पर विस्तृत चर्चा की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी ( बसपा), कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी चुनाव में किसी भी विपक्षी दल को सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चिह्नित चार प्रमुख श्रेणियों महिला, गरीब, युवा और किसान के सशक्तिकरण और सरकारी उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाएगी।

मथुरा पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Powered By Sangraha 9.0