उत्तराखंड की प्रेमा रावत ने रचा इतिहास, 14 गेंदों में जड़ा महिला क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक

17 Nov 2026 00:32:53
Utt Cricketer-Prema Rawat-made History


देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर प्रेमा रावत ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से विश्व क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए प्रेमा ने महज 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर महिला क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना का 15 गेंदों में अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

प्रेमा ने अपनी इस ऐतिहासिक पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने 357.14 के शानदार स्ट्राइक रेट से नाबाद 50 रन बनाए। बल्ले के साथ गेंद से भी उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की। लेग स्पिन गेंदबाजी करते हुए प्रेमा ने चार ओवर में महज 12 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन ने उत्तराखंड की टीम को मजबूती प्रदान की।

24 वर्षीय प्रेमा रावत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे संघर्ष, प्रतिभा और निरंतर मेहनत की लंबी कहानी है। उत्तराखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहचान बनाने तक का उनका सफर प्रेरणादायक रहा है। उनकी प्रतिभा को शुरुआती दौर में पहचानने और उसे निखारने में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एसोसिएशन ने उन्हें बेहतर सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया।

उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) ने भी प्रेमा के करियर को नई दिशा देने में अहम योगदान दिया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से उन्हें प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव और अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिले, जिसका लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है।

प्रेमा भारतीय सीनियर महिला टीम की ओर से सात टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी हैं। वह इंडिया-ए और हाल ही में महिला टी-20 विश्व कप टीम का भी हिस्सा रही हैं। इसके अलावा महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का प्रतिनिधित्व करती हैं।

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव महिम वर्मा ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रेमा की उपलब्धि पर उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश को गर्व है। 14 गेंदों में विश्व रिकॉर्ड अर्धशतक बनाने के साथ गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन करना उनकी असाधारण प्रतिभा और कड़ी मेहनत का प्रमाण है।

महिम वर्मा ने कहा कि सुदूर क्षेत्र से निकलकर विश्व क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाली प्रेमा युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं। सीएयू प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्हें विश्वास है कि प्रेमा भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी और भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित करेंगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0