
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। वेरका, अमूल और मदर डेयरी के बाद कामधेनु हितकारी मंच ने भी अपने ‘व्यासधेनु’ ब्रांड के दूध की कीमत में चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही पनीर और दही की कीमतों में इजाफा किया गया हैं।
कंपनी के प्रवक्ता ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि पैकेट वाले दूध की कीमत चार रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। इसके बाद एक लीटर दूध का पैकेट अब 66 रुपये के बजाय 70 रुपये में मिलेगा। 500 ग्राम दूध के पैकेट की कीमत 33 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये कर दी गई है। डबल टोंड दूध (डीटीएम) के दाम भी तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। अब पनीर की कीमत 50 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 400 रुपये कर दी गई है, जबकि दही की कीमत 20 रुपये बढ़ाकर 120 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई हैं।
इससे पहले अमूल, मदर डेयरी और वेरका तीनों प्रमुख डेयरी ब्रांड्स ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। इन तीनों कंपनियों ने पिछले हफ्ते अपने ब्रांड के दूध की कीमत में 2-4 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था।
कामधेनु के हिमाचल प्रदेश में दो संयंत्र हैं। इनमें बिलासपुर का नम्होल संयंत्र प्रतिदिन 30 हजार लीटर और सोलन का हरिपुर संयंत्र 15 हजार लीटर दूध का उत्पादन करता है। इस संगठन से करीब पांच हजार डेयरी किसान परिवार जुड़े हैं, जिनसे दूध खरीदकर बाजार में आपूर्ति की जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर