समुद्र के खारे पानी से बनेगा मीठा जल, उसी से मिलेगी ठंडी हवा, भारतीय वैज्ञानिकों ने खोजा दोहरी समस्या का एक समाधान

18 Nov 2026 08:54:53
बीआईटीएस पिलानी हैदराबाद कैंपस ने एक ही प्रणाली के माध्यम से ताजे पानी और शीतलन का उत्पादन करने की तकनीक का पेटेंट कराया


बीआईटीएस पिलानी के वैज्ञानिकों ने विकसित की सौर तकनीक, अब तटीय गांवों और द्वीपों के लिए खुलेंगी नई संभावनाएं

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। समुद्र का खारा पानी अब पीने योग्य मीठे पानी में बदलने के साथ भीषण गर्मी से राहत देने वाली ठंडी हवा भी उपलब्ध करा सकेगा। भारत के वैज्ञानिकों ने ऐसी तकनीक विकसित की है, जो एक ही प्रणाली से पेयजल और शीतलन की दोहरी जरूरत पूरी करने की क्षमता रखती है। भारत के विस्तृत समुद्री तटवर्ती क्षेत्रों, दूरस्थ गांवों और द्वीपों में पेयजल संकट से निपटने के साथ गर्मी और उमस से राहत देने की दिशा में यह अनुसंधान नई संभावनाएं खोलता है।

दरअसल, सौर ऊर्जा से संचालित होने वाली इस प्रणाली के प्रयोगशाला परीक्षण में 12.4 लीटर प्रति घंटे तक मीठे पानी का उत्पादन और 6.57 किलोवाट तक शीतलन क्षमता प्रदर्शित की गई है। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बीआईटीएस), पिलानी के हैदराबाद परिसर के शोधकर्ताओं के इस नवाचार को भारतीय पेटेंट मिल गया है।

एक प्रणाली, दो समस्याओं का समाधान

आमतौर पर समुद्री जल को पीने योग्य बनाने के लिए विलवणीकरण संयंत्र और वातावरण को ठंडा रखने के लिए एयर कंडीशनिंग या अन्य शीतलन उपकरणों की आवश्यकता होती है। दोनों व्यवस्थाओं में अलग-अलग ऊर्जा खर्च होती है। बीआईटीएस के वैज्ञानिकों ने इन प्रक्रियाओं को एकीकृत कर ऐसी प्रणाली विकसित की है, जिसमें समुद्री जल का शुद्धिकरण और हवा का शीतलन एक साथ होता है।

अनुसंधान का नेतृत्व करने वाले मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर संदीप एस. देशमुख ने बताया, “हमारा उद्देश्य ऐसी तकनीक विकसित करना था, जो समुद्री जल से मीठा पानी तैयार करने के साथ शीतलन की जरूरत भी पूरी कर सके। सामान्यतः इन दोनों कार्यों के लिए अलग-अलग प्रणालियों की आवश्यकता होती है। हमने दोनों प्रक्रियाओं को एकीकृत कर ऊर्जा के बेहतर उपयोग की संभावना विकसित की है। सौर ऊर्जा से इसका संचालन इसे उन तटीय और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए उपयोगी बना सकता है, जहां पेयजल और बिजली की उपलब्धता चुनौती बनी हुई है।”

ऐसे खारा पानी बनता है मीठा

उन्होंने बताया, इस तकनीक में पहले परिवेश की हवा को गर्म करके आर्द्रीकरण इकाई से गुजारा जाता है। इस दौरान हवा समुद्री या खारे पानी से नमी ग्रहण करती है। इसके बाद नम हवा को ठंडा किया जाता है, जिससे उसमें मौजूद जलवाष्प संघनित होकर पानी की बूंदों में बदल जाती है। इन बूंदों को एकत्र कर मीठा पानी प्राप्त किया जाता है। इसी प्रक्रिया में निकलने वाली ठंडी और नमी रहित हवा का उपयोग शीतलन के लिए किया जा सकता है।

पांच परिचालन विकल्प, जरूरत के अनुसार उत्पादन

इस प्रणाली की खासियत इसके अलग-अलग परिचालन विन्यास का होना हैं। इनके माध्यम से मौसम, वातावरण की आर्द्रता और स्थानीय जरूरतों के अनुसार पानी उत्पादन तथा शीतलन के बीच संतुलन बनाया जा सकता है। पेयजल की मांग अधिक होने पर बहु-चरणीय संचालन से उत्पादन बढ़ाने और गर्मी तथा उमस अधिक होने पर शीतलन को प्राथमिकता देने की व्यवस्था है। शोध में लगे प्रोफेसर शांतनु प्रसाद दत्ता का कहना है, “इस अनुसंधान की प्रमुख विशेषता इसका पांच अलग-अलग परिचालन विन्यासों में काम करना है। मौसम, वातावरण की आर्द्रता और स्थानीय जरूरतों के अनुसार मीठे पानी के उत्पादन तथा शीतलन के बीच संतुलन बनाया जा सकता है। प्रयोगशाला परीक्षणों में हमने 12.4 लीटर प्रति घंटे तक मीठे पानी का उत्पादन और 6.57 किलोवाट तक शीतलन क्षमता प्रदर्शित की है। ये परिणाम इस एकीकृत तकनीक की संभावनाओं को सामने रखते हैं।”

30 पैसे प्रति लीटर तक अनुमानित लागत

शोधकर्ताओं ने विभिन्न मौसमों और परिवेशीय परिस्थितियों में प्रणाली का प्रदर्शन परखने के लिए प्रयोगशाला स्तर का प्रोटोटाइप तैयार किया। परीक्षणों में अधिक आर्द्रता वाली परिस्थितियों में दोहरे चरण के विन्यास से 12.4 लीटर प्रति घंटे तक मीठे पानी का उत्पादन दर्ज किया गया। अलग-अलग परिचालन स्थितियों में अधिकतम 6.57 किलोवाट शीतलन क्षमता प्रदर्शित हुई। प्रणाली से निकलने वाली हवा का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया।

इस प्रोटोटाइप को भारतीय जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन लगभग 200 लीटर मीठे पानी के उत्पादन के लक्ष्य के साथ विकसित किया गया है। शोधकर्ताओं के आर्थिक आकलन में मीठे पानी की न्यूनतम अनुमानित उत्पादन लागत 30 पैसे प्रति लीटर सामने आई है। यह प्रयोगशाला आधारित आकलन है, जबकि इसके व्यावसायिक स्तर पर उपयोग करने पर उक्त लागत के इससे बहुत कम आने की बात कही जा रही है।

इस अनुसंधान में योगदान देने वाले शोधार्थी के. साई संदीप के प्रस्तावित के अनुसार, “इस प्रणाली के विकास में हमारा प्रयास इसकी कार्यक्षमता को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप परखना रहा है। इसमें हवा को आर्द्रीकरण और संघनन की प्रक्रियाओं से गुजारकर पानी प्राप्त किया जाता है। इसी दौरान निकलने वाली ठंडी और नमी रहित हवा का उपयोग शीतलन के लिए किया जा सकता है। आगे क्षेत्रीय परीक्षण और तकनीकी सुधार के माध्यम से इसे तटीय गांवों तथा द्वीपीय क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की संभावनाएं हैं।”

तटीय गांवों और द्वीपों के लिए खुलेंगी संभावनाएं

उल्लेखनीय है कि भारत में गुजरात से लेकर महाराष्ट्र, गोवा, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तक विस्तृत समुद्री तटवर्ती क्षेत्रों में अनेक गांव और बस्तियां हैं, जहां मीठे पानी की उपलब्धता चुनौती बनी रहती है। लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार जैसे द्वीपीय क्षेत्रों में सीमित प्राकृतिक जल स्रोतों के कारण जलापूर्ति की समस्या और गंभीर हो जाती है। ऐसे क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित यह प्रणाली स्थानीय स्तर पर पेयजल और शीतलन की सुविधा उपलब्ध कराने का विकल्प बन सकती है।

देश में चेन्नई के मिंजूर और नेमेली में बड़े विलवणीकरण संयंत्र संचालित हैं। लक्षद्वीप के कवरत्ती, अगत्ती और मिनिकॉय में भी समुद्री जल को पेयजल में बदलने की व्यवस्था है। बीआईटीएस का अनुसंधान इन प्रयासों में एक नया आयाम जोड़ता है, क्योंकि इसमें जल उत्पादन के साथ शीतलन को भी शामिल किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय शोध से जुड़ी भारतीय उपलब्धि

समुद्री जल के विलवणीकरण और शीतलन को एकीकृत करने पर दुनिया के कई देशों में अनुसंधान हो रहे हैं। वर्ष 2020 में ‘एनर्जी कन्वर्जन एंड मैनेजमेंट’, वर्ष 2023 में ‘एप्लाइड थर्मल इंजीनियरिंग’ और वर्ष 2024 में ‘इंटरनेशनल जर्नल ऑफ रेफ्रिजरेशन’ में इस तरह की तकनीकों पर अध्ययन प्रकाशित हुए हैं। बीआईटीएस के शोधकर्ताओं का योगदान भारतीय जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप एकीकृत प्रणाली विकसित करने और उसका पेटेंट प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

इस अनुसंधान के निष्कर्ष प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिका ‘एप्लाइड थर्मल इंजीनियरिंग’ में प्रकाशित हुए हैं। अब शोध दल विभिन्न जलवायु परिस्थितियों में इसके परीक्षण और औद्योगिक संस्थानों के सहयोग से आगे विकास की संभावनाएं तलाश रहा है। वहीं, प्रयोगशाला से निकलकर बड़े स्तर पर इसका सफल प्रदर्शन इस तकनीक के व्यावहारिक उपयोग की दिशा में अगला महत्वपूर्ण चरण होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Powered By Sangraha 9.0