
नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं और इस बार पार्टी ने ‘मिशन 403’ के तहत आधी से अधिक सीटाें पर महिलाओं काे मुख्य सांगठनिक भूमिका देकर महिला मतदाताओं तक व्यापक पहुंच बनाने की रणनीति तैयार की है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा उत्तर प्रदेश के लिए इस योजना के तहत राज्य की आधी विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारकों की तैनाती करेगी, जबकि बाकी सीटों पर पुरुष विस्तारक जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी ने कुल 403 विस्तारकों को इस अभियान की कमान सौंपी है। इन विस्तारकों का मुख्य काम विधानसभा स्तर पर संगठन का विस्तार करना और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क स्थापित करना होगा।
सूत्रों के अनुसार भाजपा की इस रणनीति में महिला मतदाताओं को विशेष महत्व दिया गया है। पार्टी का लक्ष्य आधी आबादी के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना और महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करना है। इसके लिए महिला विस्तारकों को विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जहां वे घर-घर जाकर महिलाओं से मुलाकात करेंगी और उनकी स्थानीय समस्याओं तथा अपेक्षाओं को समझेंगी। पार्टी का मानना है कि महिला कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिलाओं तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच बनाई जा सकती है। इसके जरिए परिवारों के साथ संपर्क बढ़ाने और जमीनी स्तर पर संगठन की मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश होगी।
‘मिशन 403’ के तहत भाजपा की योजना प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा सीट पर एक मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क तैयार करने की है। विस्तारकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहकर पार्टी के पक्ष में जनसंपर्क अभियान को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इस रणनीति के जरिए पार्टी चुनाव से काफी पहले ही विधानसभा स्तर पर अपनी तैयारियों को मजबूत करना चाहती है, ताकि चुनाव के अंतिम दौर में संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की जरूरत न पड़े।
इस अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए भाजपा जल्द ही नियुक्त विस्तारकों की प्रशिक्षण बैठक आयोजित करने की तैयारी में है। इस बैठक में विस्तारकों को उनकी जिम्मेदारियों, जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा और मिशन 2027 के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस बार पार्टी की रणनीति में महिला मतदाताओं तक सीधी पहुंच और घर-घर संवाद को प्रमुख स्थान दिया गया है। पार्टी चुनाव से पहले ही सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाकर मजबूत चुनावी आधार तैयार करना चाहती है। पार्टी इन विस्तारकाें के द्वारा बूथ स्तर तक भी संगठन काे मजबूत एवं सक्रिय बनाना चाहती है। वर्ष 2024 के लाेकसभा चुनावाें में बूथ स्तरीय संगठन में कार्यकर्ताओं की उदासीनता से निष्क्रियता आ गयी थी जिसका असर नतीजाें पर दिखा था। यह स्थिति अभी तक दूर नहीं हुई है। पार्टी इस बात से चिंतित है और इस कमी काे दूर करने पर ध्यान दे रही है।
पार्टी में उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनाेद तावडे इस पूरी रचना की निगरानी कर रहे हैं। सह प्रभारियाें मेधा कुलकर्णी, जगदीश पटेल, अनंत ओझा एवं डाॅ प्रदीप वर्मा काे अलग अलग क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गयी है। गृह मंत्री अमित शाह भी लगातार रिपाेर्ट ले रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय