उत्तर कोरिया योंगब्योन परमाणु परिसर में यूरेनियम संवर्धन संयंत्र का कर रहा विस्तार : आईएईए

18 Nov 2026 20:54:53

वियना, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर कोरिया अपने परमाणु हथियार कार्यक्रम के लिए संवर्धित यूरेनियम का उत्पादन बढ़ाने की दिशा में योंगब्योन परमाणु परिसर में यूरेनियम संवर्धन संयंत्र का विस्तार कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ग्रोसी के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने योंगब्योन में अपने मूल यूरेनियम संवर्धन संयंत्र के साथ एक अतिरिक्त ढांचे का निर्माण किया है। आईएईए के 35 सदस्यीय बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की तिमाही बैठक में उन्होंने बताया कि सितंबर 2026 के मध्य से इस संयंत्र के विस्तार का काम चल रहा था और अक्टूबर के अंत तक नया हिस्सा बाहरी रूप से पूरा हो चुका था। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया के यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम का लगातार विस्तार गंभीर चिंता का विषय है।

ग्रोसी ने यह भी कहा कि एजेंसी को योंगब्योन के पांच मेगावाट वाले परमाणु रिएक्टर के लगातार संचालित होने के संकेत मिले हैं। इस रिएक्टर का इस्तेमाल प्रयुक्त परमाणु ईंधन से प्लूटोनियम प्राप्त करने के लिए किया जाता है। उनके अनुसार, रिएक्टर संभवतः अपने सातवें विकिरण चक्र में है। इसके बाद प्रयुक्त ईंधन को निकालकर पुनर्प्रसंस्करण किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि योंगब्योन में एक अन्य हल्का जल रिएक्टर भी अप्रैल से संचालित हो रहा है।

आईएईए को 2009 में उत्तर कोरिया से अपने निरीक्षकों को निष्कासित किए जाने के बाद से वहां प्रत्यक्ष पहुंच नहीं मिली है। ऐसे में एजेंसी मुख्य रूप से उपग्रह तस्वीरों और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर देश की परमाणु गतिविधियों पर नजर रखती है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0