
कोलकाता, 18 नवंबर (हि. स.)। ओडिशा के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग (पुनर्निर्माण) कार्य के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने नवंबर और दिसंबर 2026 में अलग-अलग तिथियों पर कुल 90 ट्रेनों का परिचालन रद्द करने का निर्णय लिया है। इस कार्य के चलते हावड़ा, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, रांची, टाटानगर, राउरकेला और संबलपुर सहित कई प्रमुख रेल मार्गों पर यात्री सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
रेलवे प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रद्द की गई ट्रेनों में मेमू, एक्सप्रेस और लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों का परिचालन लगातार कई दिनों तक बंद रहेगा, जबकि कुछ ट्रेनें केवल निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेंगी। इससे नियमित यात्रियों के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी हो सकती है।
रद्द होने वाली ट्रेनों में झारसुगुड़ा-संबलपुर मेमू, झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू, राउरकेला-झारसुगुड़ा मेमू, हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस और राउरकेला-पुरी एक्सप्रेस शामिल हैं। इनके अलावा हावड़ा-पुणे दुरंतो, पुणे-हावड़ा दुरंतो, दरभंगा-चर्लापल्ली, जसीडीह-ताम्बरम, विशाखापत्तनम-बनारस और धनबाद-पोदनूर एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेंगी।
दिसंबर में प्रभावित होने वाली प्रमुख ट्रेनों में हावड़ा-कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस, कांटाबांजी-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा-जूनागढ़ रोड एक्सप्रेस, टाटानगर-बेंगलुरु एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस और राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा सांतरागाछी-पुणे, पुणे-सांतरागाछी, तिरुपति-रक्सौल, मालदा टाउन-सूरत, हावड़ा-जगदलपुर, कामाख्या-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, हटिया-पुणे, शालीमार-भुज, गया-एलटीटी मुंबई, हटिया-दुर्ग और भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस का परिचालन भी अलग-अलग तिथियों पर रद्द रहेगा।
रेलवे की सूची में राउरकेला-गुनुपुर, बिलासपुर-बक्सर, हटिया-एलटीटी मुंबई, हैदराबाद-रक्सौल, पोरबंदर-सांतरागाछी, हटिया-बेंगलुरु, जसीडीह-वास्को डी गामा और हटिया-एर्नाकुलम एक्सप्रेस भी शामिल हैं। वहीं ओखा-शालीमार, पुणे-हावड़ा, उदयपुर सिटी-शालीमार, हावड़ा-सीएसएमटी मुंबई, हावड़ा-अहमदाबाद और नांदेड़-सांतरागाछी एक्सप्रेस भी निर्धारित दिनों में नहीं चलेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता