
जोधपुर, 18 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जोधपुर के वैज्ञानिकों ने ध्यान और मस्तिष्क की कार्यप्रणाली को लेकर एक महत्वपूर्ण शोध किया है। इसमें ध्यान के दौरान शरीर में होने वाले जैविक बदलावों और मस्तिष्क पर असर डालने वाली 438 अलग-अलग दवाओं से संबंधित जैविक प्रभावों के बीच महत्वपूर्ण समानताएं सामने आई हैं। शोध से यह समझने में मदद मिल सकती है कि ध्यान शरीर और मस्तिष्क की विभिन्न प्रक्रियाओं को किस प्रकार प्रभावित करता है।
यह शोध अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिका फ्रंटियर्स इन ह्यूमन न्यूरोसाइंस में 9 नवंबर को प्रकाशित हुआ है। अध्ययन आईआईटी जोधपुर के जैव विज्ञान एवं जैव अभियांत्रिकी विभाग की प्रोफेसर मिताली मुखर्जी ने अपनी शोधार्थी अदिति जोशी के साथ किया। इसमें इसी विभाग के डॉ. विग्नेश मुरलीधरन और संस्थान के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के पूर्व छात्र दीप पटेल ने भी सहयोग किया। शोधकर्ताओं ने इनर इंजीनियरिंग ध्यान कार्यक्रम में शामिल 106 लोगों के पहले से उपलब्ध वैज्ञानिक आंकड़ों का अध्ययन किया। इसके लिए 389 जैविक नमूनों से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। नमूने ध्यान कार्यक्रम शुरू होने से पहले, आठ सप्ताह की तैयारी के बाद, आठ दिवसीय ध्यान शिविर के बाद और तीन महीने बाद अलग-अलग चरणों में एकत्र किए गए थे।
वैज्ञानिकों ने इन आंकड़ों के माध्यम से शरीर में जीन की गतिविधियों में होने वाले बदलावों को समझने का प्रयास किया। अध्ययन में वैज्ञानिकों ने आधुनिक कंप्यूटर आधारित कनेक्टिविटी मैप तकनीक का उपयोग कर ध्यान से जुड़े जैविक बदलावों की तुलना दवाओं से संबंधित वैज्ञानिक आंकड़ों से की। इसमें 438 दवाओं से जुड़े जैविक प्रभावों के साथ महत्वपूर्ण संबंध सामने आए। इनमें मस्तिष्क में संदेशों के आदान-प्रदान को नियंत्रित करने वाले गाबा, ग्लूटामेट, डोपामिन और सेरोटोनिन जैसे रासायनिक तत्वों से संबंधित प्रक्रियाएं प्रमुख रहीं। शोध में संकेत मिले कि ध्यान के अलग-अलग चरणों में इन रासायनिक प्रणालियों से जुड़ी जैविक गतिविधियों में बदलाव हो सकते हैं। शुरुआती तैयारी के दौरान गाबा और डोपामिन से संबंधित प्रक्रियाओं के संकेत मिले, जबकि गहन ध्यान के दौरान गाबा, ग्लूटामेट, डोपामिन, सेरोटोनिन और कैल्शियम चैनल से जुड़ी प्रक्रियाओं के साथ संबंध सामने आए।
शोध का एक महत्वपूर्ण पहलू मस्तिष्क की सक्रियता और उसे नियंत्रित करने वाली प्रक्रियाओं के बीच संतुलन को समझना रहा। इसके लिए वैज्ञानिकों ने पूर्व में प्रकाशित उन अध्ययनों के निष्कर्षों का भी विश्लेषण किया, जिनमें दवाओं के मस्तिष्क पर प्रभाव का अध्ययन चुंबकीय तरंगों पर आधारित तकनीक से किया गया था। इस विश्लेषण में 75 दवाओं, उनकी 55 श्रेणियों और मस्तिष्क की गतिविधियों से जुड़े 21 मापदंडों को शामिल किया गया। अध्ययन में यह भी सामने आया कि ध्यान से जुड़े जैविक बदलाव हर व्यक्ति में समान होना जरूरी नहीं है। व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक स्थिति और ध्यान के अभ्यास की अवधि के अनुसार इसके प्रभाव अलग-अलग हो सकते हैं।
दवाओं का विकल्प नहीं है ध्यानशोध में नींद की समस्या में इस्तेमाल होने वाली दवा जोलपिडेम से संबंधित जैविक प्रक्रियाओं के साथ भी समानताएं मिलीं। हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि इसका अर्थ यह नहीं है कि ध्यान किसी दवा की तरह काम करता है या चिकित्सा उपचार का विकल्प बन सकता है। अध्ययन केवल ध्यान और कुछ दवाओं से जुड़ी समान जैविक प्रक्रियाओं की ओर संकेत करता है। इन संबंधों की पुष्टि के लिए आगे और शोध की आवश्यकता है। शोधकर्ताओं का मानना है कि भविष्य में मस्तिष्क की गतिविधियों का प्रत्यक्ष अध्ययन करने के लिए चुंबकीय तरंगों, मांसपेशियों की विद्युत गतिविधियों और मस्तिष्क की विद्युत गतिविधियों को मापने वाली तकनीकों का उपयोग किया जा सकता है। इससे ध्यान के दौरान मस्तिष्क की सक्रियता, नियंत्रण और नई परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता को समझने में मदद मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश