विश्व स्नूकर चैंपियनशिप-2026 में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, अमी कमानी ने लगाई जीत की हैट्रिक

18 Nov 2026 23:55:53
विश्व स्नूकर चैंपियनशिप-2026 में शाट खेलते हुए अमी


- कमल चावला ने निर्णायक फ्रेम में 88 का ब्रेक लगाकर जीता मुकाबला, आदित्य मेहता और रयान राजमी भी चमके

इंदौर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के यशवंत क्लब में चल रही आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। चैंपियनशिप में बुधवार को पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारतीय खिलाड़ियों ने कई अहम मुकाबले अपने नाम किए। महिला वर्ग में इंदौर की अमी कमानी ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ग्रुप डी में शीर्ष स्थान बनाए रखा। वहीं पुरुष वर्ग में आदित्य मेहता, रयान राजमी और कमल चावला ने भी जीत हासिल की।

चैंपियनशिप में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में पुरुष वर्ग के ग्रुप डी में आदित्य मेहता ने पोलैंड के ओलिवियर निजियालेक को 4-2 से शिकस्त दी। आदित्य ने लगातार दो फ्रेम जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन प्रतिद्वंद्वी ने अगले दो फ्रेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। इसके बाद आदित्य ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए पांचवां और छठा फ्रेम जीत लिया। छठे फ्रेम में उन्होंने 64 का ब्रेक भी लगाया। इस जीत से नॉकआउट दौर में पहुंचने की उनकी उम्मीदें मजबूत हुई हैं।

रयान ने केतन को दी शिकस्त

वहीं, ग्रुप सी के मुकाबले में भारत के 24 वर्षीय रयान राजमी ने स्थानीय खिलाड़ी केतन चावला को 4-2 से हराया। केतन ने 67 का ब्रेक लगाकर पहला फ्रेम जीता, लेकिन रयान ने वापसी करते हुए लगातार तीन फ्रेम अपने नाम कर लिए। केतन ने पांचवें फ्रेम में 51 का ब्रेक लगाकर मुकाबले में बने रहने की कोशिश की। हालांकि छठे फ्रेम में रयान ने 54 का ब्रेक लगाकर जीत पक्की कर दी। रयान की यह लगातार दूसरी जीत है।

कमल ने आखिरी फ्रेम में पलटा मुकाबला

ग्रुप एफ में मध्य प्रदेश के कमल चावला और स्थानीय खिलाड़ी हुसैन खान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों खिलाड़ियों ने तीन-तीन फ्रेम जीतकर स्कोर 3-3 कर दिया। निर्णायक फ्रेम में कमल ने बेहतरीन खेल दिखाया और 88 का ब्रेक लगाते हुए 4-3 से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ वह ग्रुप में दो मुकाबले जीतकर नॉकआउट की दौड़ में बने हुए हैं।

ग्रुप जी में भारत के शोएब खान ने अनुभवी खिलाड़ी मनन चंद्रा को 4-3 से हराया। मुकाबले में शोएब ने शुरुआत में बढ़त बनाई, लेकिन मनन ने लगातार दो फ्रेम जीतकर स्कोर बराबर कर दिया। छठे फ्रेम में मनन ने 53 का ब्रेक लगाया। इसके बाद निर्णायक फ्रेम में शोएब ने संयमित खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की।

अमी कमानी ने लगातार तीसरा मुकाबला जीता

महिला वर्ग में इंदौर की अमी कमानी ने अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखा। ग्रुप डी के तीसरे मुकाबले में उन्होंने ईरान की सय्यदेहसबा मूसावी को 2-0 से पराजित किया। अमी ने पहले फ्रेम में 78 और दूसरे में 44 का ब्रेक लगाया। लगातार तीन मुकाबले जीतने के साथ ही उन्होंने ग्रुप में अपना शीर्ष स्थान कायम रखा है।

भारत की 16 वर्षीय खिलाड़ी अफीफा फखरुद्दीन ने भी आयरलैंड की 20 वर्षीय एला ओ'कॉनर को 2-0 से हराया। यह अफीफा की प्रतियोगिता में दूसरी जीत है। वहीं कीर्थना पांडियान ने हांगकांग चाइना की यी टिंग चेउंग को 2-0 से मात दी। ग्रुप बी में तीन मुकाबले जीतकर कीर्थना शीर्ष पर बनी हुई हैं।

महिला वर्ग के ग्रुप ई में भारत की श्रुथी लक्ष्मीनारायण ने हमवतन सनेत्रा बाबू को 2-0 से हराया। इसी ग्रुप के एक अन्य मुकाबले में इंग्लैंड की 57 वर्षीय टेसा डेविडसन ने हांगकांग चाइना की शियू विंग मैन को 2-0 से पराजित किया।

32 देशों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

प्रतियोगिता के लिए यशवंत क्लब के स्मैश हॉल में विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां 10 मैच टेबल और दो अभ्यास टेबल लगाई गई हैं। सभी टेबल चीन से मंगाई गई हैं, जबकि इनके लिए प्रीमियम कपड़ा इंग्लैंड से आयात किया गया है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए वातानुकूलित हॉल और दर्शक दीर्घा भी बनाई गई है।

चैंपियनशिप में 32 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन में 25 से अधिक भारतीय और विदेशी निर्णायक तैनात हैं। प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि 40 हजार डॉलर रखी गई है। इसमें पुरुष वर्ग के लिए 25 हजार और महिला वर्ग के लिए 15 हजार डॉलर निर्धारित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0