होंडुरास में चार जगहों पर हिंसक हमले, 12 लोगों की मौत

युगवार्ता    18-Nov-2026
Total Views |

टेगुसिगाल्पा, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य अमेरिकी देश होंडुरास के ग्रामीण योरिटो क्षेत्र में चार अलग-अलग हमलों में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि इन घटनाओं को संगठित अपराध गिरोहों ने अंजाम दिया है।

राष्ट्रीय पुलिस के प्रवक्ता एडगार्डो बरहोना ने बुधवार को बताया कि तीन हमले वेलेसिलोस गांव में हुए। इनमें से एक हमला फुटबॉल मैदान पर, जबकि दो अन्य घरों में किए गए। तीनों घटनाओं में तीन-तीन लोगों की जान गई।

बरहोना के अनुसार, चौथा हमला पास के पैकायालेस गांव में हुआ, जहां तीन लोगों की मौत हो गई। इस तरह चारों घटनाओं में कुल 12 लोगों की जान गई है।

स्थानीय टेलीविजन चैनल से बातचीत में पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय पुलिस की शुरुआती जांच में आपराधिक संगठनों की भूमिका सामने आ रही है। पुलिस का मानना है कि इन हमलों के पीछे संगठित अपराध गिरोह हो सकते हैं। हालांकि, घटनाओं के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags