देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों को विश्वस्तरीय बनाना जरूरी : राष्ट्रपति

18 Nov 2026 18:56:53
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार को एसआरसीसी के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी होने के साथ-साथ सर्वश्रेष्ठ युवा प्रतिभाओं का समूह भी है, जिसका उदाहरण श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) जैसे प्रतिष्ठित संस्थान हैं। उन्होंने कहा कि देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों को विश्वस्तरीय संस्थानों के रूप में विकसित करना होगा, ताकि भारत को वैश्विक ज्ञान महाशक्ति बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

राष्ट्रपति ने यहां एसआरसीसी के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के सौ वर्ष पूरे होने पर उसके पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रबंधन तथा कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग तीन दशकों से कॉलेज को देश के शीर्ष वाणिज्य महाविद्यालयों में स्थान मिलता रहा है। इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी लोगों की वह सराहना करती हैं।

मुर्मु ने कहा कि भारत को वैश्विक ज्ञान महाशक्ति बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने के लिए देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों को विश्वस्तरीय बनाना जरूरी है। इससे भारत और विदेशों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए भारतीय संस्थानों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि एसआरसीसी के विद्यार्थी दुनिया के किसी भी संस्थान के विद्यार्थियों से कम नहीं हैं और कॉलेज के पूर्व विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देकर देश का गौरव बढ़ाया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल रहा है। इस दौरान बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार, डिजिटल परिवर्तन, वित्तीय समावेशन और सामाजिक विकास हुआ है। देश में स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल बना है और कारोबार को सुगम बनाने को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही, लक्षित लाभार्थियों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में लगभग 50 करोड़ देशवासी अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अनिश्चितताओं और जारी संघर्षों के बावजूद भारत ने ये उपलब्धियां हासिल की हैं। एसआरसीसी के विद्यार्थियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि वे भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और सफलता को देख रहे हैं। उन्हें इस अनुभव से सीख लेकर देश की विकास यात्रा को और गति देने में योगदान करना चाहिए।

मुर्मु ने कहा कि भारत को एक बार फिर अपनी प्राचीन वाणिज्यिक और व्यापारिक शक्ति का गौरव हासिल करना है। इतिहास में भारत प्राचीन रोमन साम्राज्य का महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार था और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ भी भारतीय व्यापारियों के नियमित कारोबारी संबंध थे। उन्होंने ओडिशा में प्राचीन नाविकों और व्यापारियों की दक्षिण-पूर्व एशिया की यात्राओं की स्मृति में आयोजित होने वाले बाली जात्रा का भी उल्लेख किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत नई ऊर्जा और दृष्टिकोण के साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी भूमिका का विस्तार कर रहा है और इस महत्वाकांक्षी प्रयास का नेतृत्व देश के युवा करेंगे। उन्होंने युवाओं से 'भारत का, भारत द्वारा और भारत के लिए' के दृष्टिकोण के साथ अपनी आकांक्षाएं और भूमिकाएं तय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज और संस्थानों ने विद्यार्थियों की क्षमताओं के विकास में योगदान दिया है, इसलिए उनकी समाज और देश के प्रति विशेष जिम्मेदारी है।

मुर्मु ने कहा कि घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूत वृद्धि ही सबसे अच्छी विदेश नीति है। युवाओं को देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि को तेज करने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने एसआरसीसी के विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे धन सृजन को राष्ट्र निर्माण से जोड़ें, स्वयं आगे बढ़ने के साथ वंचित वर्गों के लिए भी अवसर पैदा करें और भारतीय मूल्यों से जुड़े रहते हुए विश्वस्तरीय उत्कृष्टता हासिल करें।

उन्होंने विद्यार्थियों से अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने तथा सहानुभूति, नैतिकता और सदाचार के साथ पेशेवर उत्कृष्टता हासिल करने का भी आग्रह किया।

राष्ट्रपति ने एसआरसीसी में छात्राओं की अच्छी भागीदारी और छात्रावास की सुविधा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय के सहशिक्षा वाले महाविद्यालयों में छात्राओं के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने वाला पहला संस्थान है। इससे देश के विभिन्न क्षेत्रों की छात्राओं को यहां शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि छात्रावास की सुविधा के अभाव में अनेक लड़कियों की पढ़ाई रुक जाती है और उनकी प्रतिभा को विकसित होने का अवसर नहीं मिल पाता। कॉलेज में लगभग आधी विद्यार्थी संख्या छात्राओं की होना समावेशिता और महिला सशक्तीकरण की दिशा में सकारात्मक पहल है।

मुर्मु ने विश्वास जताया कि एसआरसीसी परिवार के सदस्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसके बाद भी देश की गौरवशाली विकास यात्रा में अपना योगदान देते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0