गाजियाबाद जेल से रिहा हुए सपा नेता आज़म खान

18 Nov 2026 20:22:53
जेल से रिहा हुए सपा नेता आज़म खान


गाजियाबाद, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रामपुर से सांसद रहे और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान को आज गाजियाबाद के डासना जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

सपा नेता बुधवार शाम को जेल से बाहर आए। उन्होंने अपने समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। जेल से निकलते ही वह सीधे गाड़ी में बैठकर रामपुर के लिए रवाना हो गए। आजम खान के बेटे अब्दुल्लाह आजम खान को अपनी कार में लेकर रामपुर के लिए निकले। इस दौरान आजम खान के समर्थक बेहद बेकाबू नजर आए। उनके समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। इलाहाबाद हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद वह गाजियाबाद के सीजीएम कोर्ट में कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 50- 50 हजार रुपये के मुचलके पर रिहा हुए। इस मामले में ईडी द्वारा सुप्रीम कोर्ट में भी अपील किया गया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।

आजम खान के रिहाई के बाद उनके बेटे ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमें पिछले आठ सालों से भैंस चोरी, बकरी चोरी, मुर्गी चोरी के मामले में सजा हुई है। जो हमारे साथ हुआ, वह किसी के साथ नहीं हुआ। आजम खान को 10 साल की सजा टीवी चोरी करने नहीं करवाने के आरोप में हुई और उस जगह की सजा हुई जहां पर कोई घर ही नहीं था। उन्होंने कहा कि मैं पिछले सात सालों से इस बात की सजा काट रहा हूं कि गलत जन्मतिथि ठीक क्यों करवा ली। उन्होंने कहा कि मैं इसको साबित नहीं कर सका, क्योंकि मेरा नाम अब्दुल्ला है। अगर मैं अब्दुल्ला नहीं होता तो शायद साबित कर देता। उन्होंने कहा कि हमारे पास कोई अधिकार नहीं है। हम इतनी बेइज्जती और जिल्लत के बाद भी जिंदा हैं।

उन्होंने कहा कि एक 80 वर्ष के इंसान को जिसने अपनी पूरी जिंदगी राजनीति में बिता दी। उन्होंने कहा कि आजम खान 10 बार एमएलए और दो बार एमपी रहे। उनसे एक गलती हुई कि उन्होंने बच्चों के पढ़ने का इंतजाम किया। उस रामपुर के लिए जिसका शिक्षा का औसत 22 प्रतिशत था। उन्होंने यह सपना देखा कि उनके शहर में यूनिवर्सिटी होनी चाहिए। अगर वह यूनिवर्सिटी का ख्वाब नहीं देखे होते और अन्य विधायक और सांसदाें जैसा ही किया होता तो उनके साथ ऐसा नहीं होता। उन्होंने कहा कि हमें, हमारे नाम की सजा मिली। अगर हमारा नाम आजम खान और अब्दुल आजम खान नहीं होता तो शायद यह हमारे साथ नहीं होता। यह एक सच्चाई है।

आजम खान की रिहाई पर उनकी पत्नी तंजीन फातिमा ने कहा कि मुझे हमेशा अल्लाह पर बहुत भरोसा रहा कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा। जिस तरह आजम साहब को जेल के गेट से ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ले गई, वह शायद जुल्म की आखिरी हद थी। मुझे भरोसा था कि न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा, यह ज़ुल्म की इंतहा थी और एक तरह से इंसानियत का कत्ल था। यह अदालत के आदेश की अवमानना भी थी क्योंकि अदालत ने उसी दिन उनकी रिहाई का आदेश दिया था। यह सच और न्याय की जीत है। हमें न्याय दिलाने के लिए मैं माननीय उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय का शुक्रिया अदा करती हूं।

हाल ही में जमानत मिलने के बाद आजम खान जेल से बाहर निकलने वाले थे। इसी दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद वह फिर से जेल भेज दिए गए थे। आजम खान ने ईडी की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को अदालत में चुनौती दी थी। पहले उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन शीर्ष अदालत ने उन्हें हाई कोर्ट जाने की सलाह दी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Powered By Sangraha 9.0