लाल निशान पर बंद हुआ घरेलू शेयर बाजार, सेंसेक्स 500 अंक लुढ़का

18 Nov 2026 17:53:53
शेयर बाजार के जारी लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और घरेलू स्तर पर मुनाफावसूली के दबाव में हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को दो दिन की तेजी के बाद घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुआ है। कारोबार के दौरान शेयर बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा लुढ़ककर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी भी 159.46 अंक टूटकर 25,227.95 पर आ गया।

कारोबार के अंत में आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 500.38 यानी 0.61 फीसदी की गिरावट के साथ 82,031.81 अंक के स्तर पर बंद हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 159.45 अंक यानी 0.63 फीसदी टूटकर 25,227.95 के स्तर पर बंद हुआ। टाइटन और हिंडाल्को जैसे शेयरों में भारी नुकसान हुआ है।

सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में टाइटन सबसे ज्यादा 4.82 फीसदी गिरा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 2.49 फीसदी, बजाज फाइनेंस में 2.45 फीसदी, इटर्नल में 2.45 फीसदी, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में 1.97 फीसदी और इंफोसिस में 1.86 फीसदी की गिरावट रही। इसके उलट, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार के जारी आंकड़ों के मुताबिक इस महीने 17 नवंबर तक सेंसेक्स में करीब 11 फीसदी और निफ्टी में 10 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई है ,वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 फीसदी गिरकर 91.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।

आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,195.38 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। इसके अलावा अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया छह पैसे की बढ़त के साथ 93.45 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर ट्रेंड कर रहा था।

एक दिन पहले मंगलवार को सेंसेक्स 427.40 अंक यानी 0.52 फीसदी चढ़कर 82,532.19 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 96.30 अंक यानी 0.38 फीसदी बढ़कर 25,387.40 अंक पर रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0