तमिलनाडु में ‘अन्नन सीर’ विवाह सहायता योजना के दिशा-निर्देश जारी

18 Nov 2026 14:18:53
'अन्नान सीर' प्रोजेक्ट की गाइडलाइंस जारी की गईं


- पात्र महिलाओं को मिलेंगे आठ ग्राम सोने का सिक्का और रेशमी साड़ी

चेन्नई, 18 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु सरकार ने ‘अन्नन सीर’ विवाह सहायता योजना के लिए पात्रता और आवेदन प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। योजना के तहत 2.5 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को विवाह के अवसर पर आठ ग्राम सोने का सिक्का और एक रेशमी साड़ी दी जाएगी। चालू वित्त वर्ष में योजना के क्रियान्वयन के लिए 812 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

सामाजिक कल्याण विभाग की सचिव पल्लवी बलदेव की ओर से जारी सरकारी आदेश के अनुसार, योजना का लाभ लेने के लिए वर-वधू की आयु विवाह के लिए निर्धारित न्यूनतम कानूनी आयु के अनुरूप होनी चाहिए। दुल्हन का नाम सक्रिय राशन कार्ड में दर्ज होना अनिवार्य है। साथ ही उसके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

दिशा-निर्देशों के अनुसार, आयकर और व्यावसायिक कर का भुगतान करने वाले परिवार, निजी उपयोग के लिए कार रखने वाले लोग तथा पांच एकड़ से अधिक सिंचित या 10 एकड़ से अधिक असिंचित भूमि के मालिक इस योजना के पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा, अन्य विभागों या बोर्डों की विवाह वित्तीय सहायता योजनाओं का लाभ पहले ही ले चुके लोगों को भी इसके तहत सहायता नहीं मिलेगी।

सालाना 3,600 यूनिट से अधिक बिजली की खपत करने वाले परिवार, ग्राम पंचायत सदस्यों को छोड़कर निर्वाचित जनप्रतिनिधि, सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी भी योजना के दायरे से बाहर रहेंगे। इसके अलावा, सालाना 50 लाख रुपये से अधिक का कारोबार करने वाली और जीएसटी का भुगतान करने वाली कंपनियों के परिवार भी इसका लाभ नहीं उठा सकेंगे।

योजना के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विवाह की तारीख से 60 दिन पहले से लेकर विवाह के दिन तक आवेदन किया जा सकता है। पांच अक्टूबर 2026 से 15 जनवरी 2027 के बीच होने वाले विवाहों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी निर्धारित की गई है।

आवेदक ई-सेवा केंद्रों के माध्यम से [www.tnesevai.tn.gov.in](http://www.tnesevai.tn.gov.in) वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। आधार संख्या और राशन कार्ड के आधार पर पात्रता की जांच की जाएगी। पात्र आवेदकों को विवाह का निमंत्रण पत्र भी अपलोड करना होगा। आवेदन स्वीकार होने पर एक विशिष्ट पहचान संख्या जारी की जाएगी और इसकी सूचना एसएमएस तथा ई-मेल के माध्यम से दी जाएगी।

योजना के पात्र लाभार्थियों को विवाह संपन्न होने के 15 दिनों के भीतर तमिलनाडु में अपने विवाह का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। आवेदन अस्वीकार किए जाने पर उसका कारण बताया जाएगा। आवेदक को यदि लगता है कि उसका आवेदन गलत तरीके से अस्वीकार किया गया है, तो वह वेबसाइट के माध्यम से अपील कर सकता है। प्राप्त अपीलों की क्षेत्रीय स्तर पर जांच की जाएगी और पात्र आवेदकों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0