
-1 7 कुंतल फूलों से सजा नृसिंह मंदिर, देव डोलियों के स्वागत में उमड़े श्रद्धालु-नृसिंह मंदिर परिसर में पहली बार आयोजित हुआ स्वागत समारोह-शीतकालीन यात्रा का भी हुआ आगाज, ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण काउंटर स्थापित
गोपेश्वर, 18 नवम्बर (हि.स.)। भगवान बदरीविशाल के शीतकालीन प्रवास के लिए ज्योतिर्मठ पहुंची आदिगुरु शंकराचार्य की गद्दी और भगवान गरुड़ की देव डोली का बुधवार को नृसिंह मंदिर परिसर में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पहली बार विशेष स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह के तहत विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन को लेकर नृसिंह मंदिर सहित आसपास के मंदिरों को 17 कुंतल फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास स्थल पर विराजमान होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही प्रदेश में शीतकालीन यात्रा का भी आगाज हो गया है। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में शीतकालीन यात्रा पंजीकरण काउंटर स्थापित किया गया है। बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने तीर्थयात्रियों को शीतकालीन यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के नेतृत्व में धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गद्दी दर्शन के लिए मंदिर परिसर में स्थापित शंकराचार्य की गद्दी को पूजा-अर्चना के बाद परंपरागत गद्दी स्थल पर विराजमान किया गया। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर नृसिंह मंदिर परिसर में देव पूजाई समिति, धर्माधिकारियों, वेदपाठियों और अन्य गणमान्य लोगों ने बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती का अभिनंदन भी किया। उन्हें चार नवंबर को काशी में गंगा महासभा एवं संस्कृति संसद की ओर से आयोजित संत सम्मेलन में सम्मानित किया गया था।
समारोह में बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज, बीकेटीसी के पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, भाजपा नेता सुभाष डिमरी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, पूर्व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, कर्मचारी संघ अध्यक्ष बिजेंद्र बिष्ट, मंदिर प्रभारी राजेंद्र सेमवाल, कमलेश कुकरेती, प्रधानाचार्य अरविंद पंत, भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल सती, देव पूजाई समिति अध्यक्ष अनिल नंबूदरी, अनूप पंवार, गिरीश रावत, विवेक थपलियाल, भूपेंद्र रावत, संदीप कपरवाण, जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी, राकेश नेगी, हनुमान प्रसाद, सुशील डिमरी, रामप्रसाद थपलियाल और मौसमी रावत सहित अनेक लोग मौजूद रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल