चिकित्सा की डिग्री मानवता के प्रति प्रतिबद्धता, डॉक्टर मरीज से मानवीय संबंध बनाए रखें : उपराष्ट्रपति

18 Nov 2026 19:43:53
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन बुधवार को वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल के रजत जयंती समारोह में


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को युवा डॉक्टरों से करुणा, ईमानदारी और वैज्ञानिक सोच के साथ चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि चिकित्सा की डिग्री केवल शैक्षणिक योग्यता नहीं बल्कि मानवता के प्रति प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी कभी भी डॉक्टर और मरीज के बीच मानवीय संबंधों का स्थान नहीं ले सकती।

उपराष्ट्रपति ने यहां भारत मंडपम में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल के रजत जयंती समारोह तथा आठवें वार्षिक दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए।

राधाकृष्णन ने संस्थान के 25 वर्ष पूरे होने पर चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और समाज के प्रति उसके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष का सफर अर्जित विश्वास, लोगों के जीवन को छूने, ज्ञान के सृजन और सेवा का प्रतीक है। यह अवसर शिक्षा, उपचार और राष्ट्र निर्माण की विरासत का उत्सव है।

उन्होंने कहा कि भारत के स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्रों में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। यह विस्तार उच्च शिक्षा की बढ़ती पहुंच और स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने की देश की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अब गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।

उपराष्ट्रपति ने युवा डॉक्टरों से कहा कि एक डॉक्टर की वास्तविक सफलता इस बात से आंकी जाती है कि उसने कितने लोगों के जीवन को बेहतर बनाया और उनकी गरिमा की रक्षा की। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की विशेषज्ञता के साथ संवेदनशीलता, निर्णयों में ईमानदारी और पेशेवर कार्यों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को मरीजों की बात धैर्यपूर्वक सुननी चाहिए, उनसे ईमानदारी से संवाद करना चाहिए और उनकी आर्थिक स्थिति या सामाजिक पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना सभी के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए। प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल चिकित्सा को बेहतर बनाने के लिए होना चाहिए, लेकिन इससे डॉक्टर और मरीज के बीच मानवीय जुड़ाव प्रभावित नहीं होना चाहिए।

राधाकृष्णन ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त आबादी देश की प्रगति का आधार होगी। विकसित भारत के लिए स्वस्थ भारत भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं सभी लोगों को सुलभ और किफायती गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की देश की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

उपराष्ट्रपति ने स्नातक होने वाले डॉक्टरों से अपने विचारों और कार्यों में राष्ट्र प्रथम की भावना रखने तथा अपने ज्ञान को लोगों के उपचार और अपनी संवेदनशीलता को दूसरों के लिए प्रेरणा बनाने का आग्रह किया। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने की अपील भी की।

उन्होंने भगवान महावीर के नाम पर स्थापित संस्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका 'जियो और जीने दो' का दर्शन चिकित्सा पेशे के महान उद्देश्य से गहराई से जुड़ा है। उन्होंने डॉक्टरों से भगवान महावीर के करुणा, मानवता और निःस्वार्थ सेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने संस्थान की रजत जयंती पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. एल. जी. कृष्णा, वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल की निदेशक डॉ. कविता रानी शर्मा और प्राचार्य डॉ. गीतिका खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0