पंजाब पीसीएस भर्ती पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भाजपा का आआपा पर हमला

19 Nov 2026 16:28:53
BJP Spokesperson Sudhanshu Trivedi


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। पंजाब लोक सेवा आयोग (पीपीसीएस) की भर्ती प्रक्रिया को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने पंजाब पीसीएस परीक्षा के हालिया परिणामों का हवाला देते हुए भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और पक्षपात के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 4 नवंबर को घोषित परिणामों में 331 पदों के लिए 751 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इस पूरी प्रक्रिया पर कई स्तरों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि चयनित उम्मीदवारों में चार तरह के लोगों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पहली श्रेणी में नेताओं और मंत्रियों के परिवारों से जुड़े लोग हैं, दूसरी में सरकार के करीबी माने जाने वाले अधिकारियों के परिजन, तीसरी में भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे लोगों के परिवारों से जुड़े उम्मीदवार और चौथी श्रेणी में ऐसे लोग हैं, जिन्होंने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आम आदमी पार्टी के प्रति समर्थन जताया है।

भाजपा सांसद ने परीक्षा परिणामों में एक परीक्षा केंद्र से करीब 24 फीसदी उम्मीदवारों के सफल होने की खबरों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक ही केंद्र से इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों का सफल होना अपने आप में संदेह पैदा करता है।

उन्होंने चार परीक्षा केंद्रों में अलग-अलग कमरों में उम्मीदवारों के चयन से जुड़े कथित पैटर्न पर भी सवाल उठाए। त्रिवेदी के मुताबिक, परीक्षा और चयन प्रक्रिया में सामने आ रही इन जानकारियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शिकागो दौरे को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शिकागो वही जगह है, जहां स्वामी विवेकानंद ने अपने ऐतिहासिक भाषण से भारत का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ाया था। ऐसे स्थान पर राहुल गांधी के दौरे को लेकर त्रिवेदी ने तंज कसते हुए आरोप लगाया कि वह विदेश जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं।

राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर सवाल उठाते हुए त्रिवेदी ने ब्राजील की एक मॉडल के कथित तौर पर 23 बार मतदान करने के दावे का उल्लेख किया। उन्होंने पूछा कि यदि कोई विदेशी नागरिक भारत आई थी, तो उसके भारत आने-जाने का इमिग्रेशन रिकॉर्ड कहां है? उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह के गंभीर आरोप लगाने से पहले ठोस प्रमाण पेश करने चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस को बार-बार उनके विदेश दौरे पर खर्च करने के बजाय उनका एआई वर्जन भेज देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी एक जैसी बातें बार-बार दोहराते हैं, इसलिए उनके एआई वर्जन में भी विकल्प दिए जा सकते हैं। इनमें भारत के खिलाफ बयान देना, प्रधानमंत्री पर हमला करना, लोकतंत्र को लेकर सवाल उठाना और ऐसे बयान देना शामिल होगा, जिनसे उनकी अपनी पार्टी को असहज स्थिति का सामना करना पड़े।

इस तरह सुधांशु त्रिवेदी ने एक तरफ पंजाब पीसीएस भर्ती प्रक्रिया को लेकर आआपा सरकार को घेरा, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी के विदेश दौरे और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा ने पंजाब में भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और कांग्रेस के आरोपों की विश्वसनीयता को राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने की कोशिश की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0