बांग्लादेश में उपद्रवियों ने यात्री बस और ट्रक में लगाई आग

19 Nov 2026 12:48:53
आग की लपटों से घिरा ट्रक और यात्री बस। फोटो - ढाका ट्रिब्यून


ढाका (बांग्लादेश), 19 नवंबर (हि.स.)। नारायणगंज में गुरुवार सुबह दो स्थानों पर उपद्रवियों ने एक यात्री बस और भूसे से लदे ट्रक में आग लगा दी। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ये घटनाएं ढाका-चटगांव राजमार्ग पर कांचपुर पुल के पास और एशियन हाइवे पर मीररटेक बाजार के पास हुई हैं।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट में पुलिस और स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया गया कि सुबह करीब 9:30 बजे कांचपुर पुल के पास ढाका जाने वाली लेन पर 'तिशा परिवहन' की एक यात्री बस में आग लगा दी गई। आग लगते ही सभी यात्री बस से सुरक्षित बाहर निकल आए लेकिन बस बुरी तरह जल गई।

कांचपुर हाइवे थाना प्रभारी जुवैल मिया ने बताया कि जली हुई बस को रिकवरी वाहन की मदद से मौके से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।

एक अन्य घटना में गुरुवार तड़के मीररटेक बाजार के पास खड़े भूसे से लदे एक ट्रक में आग लगा दी गई। बताया गया है कि दीनाजपुर से भूसा लेकर आ रहा यह ट्रक सुबह करीब 3:30 बजे मीररटेक बाजार जामा मस्जिद के सामने रुका था। ड्राइवर और हेल्पर ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और सामान उतारने का इंतजार करते हुए वे अंदर ही सो गए।

सुबह करीब 5:30 बजे वहां से गुजर रही एक महिला ने आग देखी और ड्राइवर को जगाया। ड्राइवर ने जलते हुए भूसे को सड़क किनारे पानी में फेंककर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दमकल विभाग को सूचित किया। दमगल विभाग की टीम ने सुबह करीब 7:30 बजे आग पर काबू पा लिया। तब तक ट्रक पर लदा सारा भूसा जलकर नष्ट हो चुका था।

तालतला पुलिस चौकी प्रभारी जसीमुद्दीन ने बताया कि आग में ट्रक पर लदा सामान जल गया लेकिन ड्राइवर और हेल्पर सुरक्षित बच गए। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी और उन्हें न्याय के दायरे में लाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0