डीजी सेट से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए विशेषज्ञ समूह गठित, उत्सर्जन मानकों की होगी समीक्षा

19 Nov 2026 18:08:56
सीएक्यूएम


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने और डीजल जनरेटर (डीजी) सेट से होने वाले उत्सर्जन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने आठ सदस्यीय विशेषज्ञ समूह का गठन किया है। यह समूह डीजी सेट से संबंधित मौजूदा नियामक ढांचे और उत्सर्जन मानकों की समीक्षा करेगा। साथ ही, प्रदूषण नियंत्रण के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों और तकनीकों की प्रभावशीलता का भी आकलन करेगा।

सीएक्यूएम के सदस्य-तकनीकी डॉ. त्रिलोक सिंह पंवार को इस विशेषज्ञ समूह का अध्यक्ष बनाया गया है। समूह में दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर अमित पाल, आईआईटी दिल्ली के ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर के.ए. सुब्रमण्यम और आईआईटी बॉम्बे के एसोसिएट प्रोफेसर ए.के. सारंगी को शामिल किया गया है।

इसके अलावा इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (आईसीएटी) के मुख्य परिचालन अधिकारी एस. चंद्रशेखर प्रसाद, ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई) के वरिष्ठ उप निदेशक सुक्रुत थिप्से और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के वैज्ञानिक-डी डॉ. सी.के. दीक्षित सदस्य होंगे। सीएक्यूएम के वैज्ञानिक-ई आर.पी. गुरंग को समूह का संयोजक बनाया गया है।

विशेषज्ञ समूह को डीजी सेट से संबंधित मौजूदा नियामक व्यवस्था की समीक्षा करने और यह आकलन करने की जिम्मेदारी दी गई है कि वर्तमान उत्सर्जन मानक प्रदूषण नियंत्रण के लिहाज से पर्याप्त हैं या नहीं। इसके अलावा समूह रेट्रोफिटेड एमिशन कंट्रोल डिवाइस (आरईसीडी) और डुअल फ्यूल किट (डीएफके) की अलग-अलग श्रेणियों में प्रभावशीलता तथा परिचालन प्रदर्शन की जांच करेगा।

इस पहल का उद्देश्य डीजी सेट से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए मौजूदा तकनीकी और नियामक उपायों का आकलन करना तथा उन्हें अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेषज्ञ सुझाव प्राप्त करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0