शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपये में सांकेतिक कमजोरी, दूसरी विदेशी मुद्राओं की तुलना में भारतीय मुद्रा में आई मजबूती

19 Nov 2026 10:42:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। घरेलू विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (फॉरेक्स मार्केट) में आज भारतीय रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मामूली बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की है। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में आज सुबह भारतीय रुपया पिछले बंद भाव 93.45 के मुकाबले 2 पैसे की बढ़त के साथ 93.43 प्रति डॉलर के स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार के दौरान रुपये की चाल में लगातार उतार चढ़ाव होता रहा।

इक्विटी मार्केट में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की खरीदारी से रुपये की चाल में मजबूती आई, वहीं आयातकों की ओर से डॉलर की मांग में तेजी आने से भारतीय मुद्रा पर दबाव भी बना। इस उतार चढ़ाव के बीच रुपये ने डॉलर ने 93.3925 प्रति डॉलर के ऊपरी स्तर तक मजबूती भी दिखाई, लेकिन बाद में डॉलर की मांग बढ़ने से यह फिसल कर 93.52 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक आ गया। सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद भारतीय रुपया 0.0075 रुपये यानी 0.01 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 93.4575 प्रति डॉलर के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर इंडेक्स की मजबूती ने आज सुबह रुपये पर हल्का दबाव बनाने का काम किया है। दुनिया की प्रमुख छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स आज सुबह 0.12 अंक यानी 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 103.93 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, भारतीय शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से लगातार हो रहे कैपिटल इनफ्लो (पूंजी आवक) और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी बने रहने से रुपये को निचले स्तरों पर मजबूत सहारा मिल रहा है।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आए इस मामूली दबाव के विपरीत दुनिया की अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के सामने आज सुबह भारतीय रुपये ने अपनी बढ़त कायम रखी है। ब्रिटिश पॉन्ड के खिलाफ भारतीय रुपये में आज जोरदार मजबूती देखी जा रही है। रुपये की मजबूती के कारण पॉन्ड पिछले बंद भाव 123.0811 के मुकाबले 0.3500 रुपये यानी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 122.7311 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह यूरोपीय संघ की साझा मुद्रा यूरो के सामने भी रुपया मजबूत बना हुआ है। आज फिलहाल यूरो 0.1186 रुपये यानी 0.12 प्रतिशत टूट कर 102.4466 के स्तर पर कामकाज कर रहा है।

प्रमुख एशियाई मुद्राओं के मुकाबले आज सुबह भारतीय रुपये में मिला-जुला कारोबार देखने को मिल रहा है। जापानी येन के खिलाफ भारतीय रुपया मजबूत हुआ है, जिससे येन 0.0002 रुपये यानी 0.03 प्रतिशत फिसलकर 0.5861 रुपये के स्तर पर आ गया है। इसके विपरीत, चीनी युआन के मुकाबले भारतीय करेंसी पर हल्का दबाव नजर आ रहा है। फिलहाल युआन 0.0080 रुपये यानी 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 14.0220 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।

विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों और फॉरेक्स विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक के मिनट्स सामने आने के बाद डॉलर इंडेक्स को मजबूती मिली है, जिसका असर एशियाई मुद्राओं पर दिख रहा है। हालांकि, भारत में हो रहे रिकॉर्ड विदेशी निवेश ने रुपये को मजबूत सुरक्षा कवच दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, शॉर्ट टर्म में रुपया 93.15 से 94.00 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार कर सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0