राजौरी में आतंकी मददगारों के नेटवर्क की जांच करेगी एनआईए

युगवार्ता    19-Nov-2026
Total Views |
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (फाइल फाेटाे)


राजौरी, 19 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकियों को कथित तौर पर मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) करेगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली है।

मामले में राजौरी के कोटचढ़वाल त्रियाठ निवासी जाकिर हुसैन और मुहम्मद आजम समेत अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है। दोनों को जम्मू-कश्मीर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से सितंबर में आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के बाद दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। पुलिस को बीते 11 सितंबर को धर्मसाल थाने काे सूचना मिली थी कि जाकिर हुसैन और मुहम्मद आजम अपने सहयोगियों के साथ पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के संपर्क में हैं और उनकी गतिविधियों में मदद कर रहे हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में आरोप लगाया गया था कि संदिग्ध आतंकियों को रहने के लिए ठिकाने, भोजन, जरूरी रसद और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराते थे। इसके अलावा आतंकियों को पनाह देने और उनके छिपने के लिए सुरक्षित स्थानों की व्यवस्था करने में भी उनकी कथित भूमिका सामने आई थी।

मामले की गंभीरता और राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके संभावित प्रभाव को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जांच एनआईए को सौंपने का निर्देश दिया। मंत्रालय का मानना था कि देश की अखंडता और संप्रभुता से जुड़े इस मामले की विस्तृत जांच केंद्रीय एजेंसी से करवाना आवश्यक है।

अब एनआईए यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपितों के संपर्क किन-किन लोगों से थे और स्थानीय स्तर पर आतंकियों की मदद के लिए किस तरह का नेटवर्क सक्रिय था। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि इस कथित नेटवर्क में कितने अन्य लोग शामिल हैं और क्या इसके तार पाकिस्तान में बैठे आतंकी संचालकों से जुड़े हुए हैं।

सीमावर्ती राजौरी जिले में सामने आए इस मामले को सुरक्षा एजेंसियां काफी अहम मान रही हैं। एनआईए की जांच से आतंकी संगठनों के कथित स्थानीय सहायता तंत्र, उसके संचालन और इसमें शामिल अन्य संदिग्धों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Tags