भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी आज से, पहले मैच में मलेशिया से भिड़ेगी भारतीय महिला हॉकी टीम

19 Nov 2026 10:46:53
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा ले रही छह देशों की टीमों की कप्तान (खेल विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीर)


- 28 नवंबर तक छह देशों के बीच होगी खिताबी जंग, मौजूदा चैंपियन भारत की नजर चौथी बार ट्रॉफी जीतने पर

भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आज गुरुवार काे महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आगाज होने जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के विरुद्ध करेगी। भारत और मलेशिया के बीच मुकाबला शाम 4:35 बजे खेला जाएगा। प्रतियोगिता में भारत सहित चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की छह टीमें हिस्सा लेंगी।

मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि मध्य प्रदेश के खेल इतिहास में पहली बार इस स्तर की अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि भोपाल में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इससे मध्य प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय हॉकी देखने तथा उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

शानदार उपलब्धियों के साथ मैदान में उतरेगी भारतीय टीम, चौथे खिताब पर नजर

भारतीय महिला हॉकी टीम इस प्रतियोगिता में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगी। भारत अब तक तीन बार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुका है। पिछले दो संस्करणों में भी भारतीय टीम ने लगातार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। दक्षिण कोरिया के नाम भी तीन खिताब हैं। ऐसे में भारतीय टीम के पास चौथी बार ट्रॉफी जीतकर इस प्रतियोगिता के इतिहास की सर्वाधिक सफल टीम बनने का अवसर है।

भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए वर्ष 2026 उपलब्धियों से भरा रहा है। टीम ने हैदराबाद में आयोजित एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप में अपनी जगह सुनिश्चित की। इसके बाद न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित एफआईएच महिला नेशंस कप में भारत ने अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया और एफआईएच प्रो लीग में पदोन्नति हासिल की।

बेल्जियम में आयोजित महिला हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम ने पांचवां स्थान प्राप्त किया, जो वर्ष 1974 के बाद विश्व कप में भारतीय महिला हॉकी टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं, जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम ने 44 वर्षों का इंतजार समाप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।

पहले दिन तीन मुकाबले, शाम 4:35 बजे भारत और मलेशिया की भिड़ंत

प्रतियोगिता के पहले दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 1 बजे चीन और थाईलैंड के बीच पहला मुकाबला होगा। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे जापान और दक्षिण कोरिया आमने-सामने होंगे। दिन का सबसे प्रतीक्षित मुकाबला शाम 4:35 बजे भारत और मलेशिया के बीच खेला जाएगा।

भारतीय टीम लीग चरण में पांच मुकाबले खेलेगी। मलेशिया के बाद 21 नवंबर को भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से होगा।

प्रतियोगिता राउंड रॉबिन प्रारूप में आयोजित होगी। सभी टीमें एक-दूसरे के विरुद्ध मुकाबला करेंगी और लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। 27 नवंबर को सेमीफाइनल मुकाबले तथा 28 नवंबर को ब्रॉन्ज मेडल और गोल्ड मेडल के लिए मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 28 नवंबर को शाम 7 बजे होगा।

भारतीय टीम ने प्रतियोगिता से पहले जापान के विरुद्ध अभ्यास मैच में 4-1 से शानदार जीत दर्ज की है। मुख्य कोच स्वोर्ड मारिन के मार्गदर्शन में टीम अपनी रणनीति और खेल में विविधता लाने पर काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0