नाइजीरिया में आत्महत्या के प्रयास को अपराधमुक्त करने की तैयारी, राष्ट्रपति ने संसद से मांगी मंजूरी

19 Nov 2026 20:54:53

अबुजा, 19 नवंबर (हि.स.)। नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने आत्महत्या का प्रयास करने वाले लोगों को अपराधी मानने के बजाय उन्हें मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या के रूप में देखने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संसद से कानून में बदलाव करने का आग्रह किया है। प्रस्तावित विधेयक का उद्देश्य आत्महत्या के प्रयास को अपराध की श्रेणी से बाहर करना और इससे गुजर चुके लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था करना है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, गुरुवार को सामने आए विधेयक के साथ भेजे गए पत्र में राष्ट्रपति टीनुबू ने कहा कि प्रस्तावित बदलावों के जरिए आत्महत्या के प्रयास को अपराध की श्रेणी से हटाया जाएगा और प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

फिलहाल नाइजीरिया की आपराधिक और दंड संहिताओं के तहत आत्महत्या का प्रयास दंडनीय अपराध है। दोषी पाए जाने पर व्यक्ति को जुर्माना, एक साल तक की कैद या दोनों सजाएं हो सकती हैं। संसद से विधेयक पारित होने पर इस व्यवस्था में बदलाव होगा और दंडात्मक कार्रवाई के स्थान पर देखभाल तथा पुनर्वास को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रस्तावित कानून के तहत संबंधित अधिकारियों को आत्महत्या का प्रयास करने वाले लोगों के लिए पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध करानी होंगी। इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0