
मुंबई, 19 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म 'मातृभूमि : मे वॉर रेस्ट इन पीस' का नया गाना ‘मदिरापान’ रिलीज हो गया है। इस गाने में सलमान अपने सिग्नेचर डांस स्टाइल और खास अंदाज में नजर आ रहे हैं। ट्रैक में वह अपनी आर्मी स्क्वॉड के साथ मस्ती करते और जश्न मनाते दिखाई देते हैं। गाने की थीम सेना के जवानों के बीच दोस्ती, भाईचारे और आपसी जुड़ाव को दर्शाती है। सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह की केमिस्ट्री भी गाने के आकर्षण को बढ़ाती है।
'मदिरापान' को हिमेश रेशमिया ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल समीर अंजान ने लिखे हैं। गाने की कोरियोग्राफी मुदस्सर खान ने की है। तेज धुन, आकर्षक संगीत और जोशीले डांस स्टेप्स के साथ यह ट्रैक पार्टी मूड को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। गाने में सलमान की स्क्रीन प्रेजेंस और उनकी स्क्वॉड के साथ मस्ती को खास तौर पर दिखाया गया है।
'मातृभूमि : मे वॉर रेस्ट इन पीस' का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। फिल्म का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले हुआ है। इसके ऑल इंडिया वितरण की जिम्मेदारी जियो स्टूडियोज और विदेशों में वितरण की जिम्मेदारी जी स्टूडियोज संभाल रहा है। फिल्म में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। नए गाने के रिलीज के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे